23 मई को कैराना लोकसभा चुनाव की मतगणना शामली मंडी स्थल पर दो चबूतरों में होगी। एक चबूतरों पर शामली- थानाभवन, दूसरे चबूतरे पर कैैैराना विधानसभा क्षेत्र की मतगणना होगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के 14 टेबिल और जिले की सभी विधानसभाओं में 42 टेबिल लगाई जाएगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना के दौरान आरओ की टेबिल लगाई जाएगी।
शनिवार को भैंसवाल रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी स्थल पर मंडी सचिव के कार्यालय में जिला निर्वाचन अधिकारी - डीएम अखिलेश कुमार सिंह ने लोक सभा चुनाव 2019 की मतगणना की तैयारियों के संबंध में बैठक ली। उन्होंने कहा कि सभी सहायक रिटर्निंग आफिसर प्रत्येक टेबिल पर गणना किए जाने वाले मतदेय स्थलों के विवरण का चरणवार चार्ट बना लें। साथ ही, कंट्रोल यूनिट को खोले जाने से पहले उपस्थित उम्मीदवार, निर्वाचन अभिकर्ता, गणना अभिकर्ताओं को उसका निरीक्षण करा लिया जाए, जिससे किसी को शिकायत का अवसर प्राप्त न हों। उन्होंने कहा कि सभी सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अपने द्वारा चरणवार तैयार की गई सूचना को कंप्यूटर के माध्यम से भी तैयार कराएंगे। इस कार्य के लिए कंप्यूटर एवं कर्मचारियों की व्यवस्था भी वे अपने स्तर से ही कर ले। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधान सभावार क्षेत्र पंडाल में मतों की गणना हेतु एक मेज पर मतगणना सुपरवाइजर, मतगणना सहायक, माइक्रो आब्जर्बर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। मतगणना हॉल में स्थित टेबुलेशन मेजों पर एक लेखाधिकारी, तीन कर्मचारी मैन्युवली तथा तीन कर्मचारी कंप्यूटर द्वारा एक्सल सीट पर मतगणना परिणाम तैयार कराने हेतु रहेंगे। अतिरिक्त मतगणना स्टाफ- कर्मचारी प्रति विधानसभा क्षेत्र प्रेक्षक के निर्देश पर प्रत्येक चरण में रैंडमली, दो ईवीएम की पुन: जांच हेतु रहेंगे। माइक्रो आब्जर्बर के रूप में केंद्रीय कर्मचारियों को नियुक्त किया जाएगा। डीएम ने बताया कि मतगणना के दौरान पुलिस अधिकारियों को भी यथा समय तैनात करने की व्यवस्था की जाए। डीएम ने बताया कि ईवीएम की गिनती के बाद हर विधानसभा क्षेत्र में पांच- पांच बूथ चुने जाएंगे। वीवीपैट की पर्चियों का मिलान किया जाएगा। आरओ की टेबिल पर पोस्टल बैलेट पेपर की गणना होगी। इसी सप्ताह मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण कराया जाएगा। बैठक में सीडीओ विवेक त्रिपाठी, डीडीओ बलराम कुमार, एडीएम आनंद कुमार शुक्ल, एसडीएम सदर सुरजीत सिंह, एसडीएम कैराना अमित पाल शर्मा, एसडीएम ऊन सुरेंद्र सिंह, तहसीलदार सदर प्रीति सिंह तहसीलदार कैराना रणवीर सिंह व संबधित अधिकारी मौजूद रहे।