रोडवेज कार्यशाला के बजट के लिए की पैरवी
शामली। रोडवेज डिपो की स्थापना के मुद्दे पर कैराना सांसद प्रदीप चौधरी भी सक्रिय हो गए हैं। सांसद ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री अशोक कटारिया से उनके आवास पर मिलकर शामली में रोडवेज डिपो का बजट जारी करने की वकालत की है।
सोमवार रात्रि उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री अशोक कटारिया के निमंत्रण पर उनके लखनऊ आवास पर कैराना क्षेत्र के सांसद प्रदीप चौधरी पहुंचे। सांसद प्रदीप चौधरी ने परिवहन राज्य मंत्री अशोक कटारिया से शामली रोडवेज की कार्यशाला निर्माण के लिए धनराशि अवमुक्त कराने की वकालत की है। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरनगर रोड पर फतेहपुर गांव में शामली रोडवेज डिपो की कार्यशाला के लिए भूूमि उपलब्ध है। शामली में रोडवेज डिपो की कार्यशाला बनने से जिले से रोडवेज बस सेवाओं के शुरू होने से यहां के लोगों को लाभ मिलेगा। सांसद ने बताया कि परिवहन राज्य मंत्री अशोक कटारिया ने आश्वासन दिया कि शामली में रोडवेज कार्यशाला की स्थापना के लिए बजट जल्द ही अवमुक्त हो जाएगा।
गौरतलब है कि मुजफ्फरनगर मार्ग पर फतेहपुर गांव के जंगल में नौ बीघा भूमि पिछले पांच साल पहले निगम को मिल चुकी है। शामली विधायक तेजेंद्र निर्वाल, मंत्री सुरेश राणा फतेहपुर गांव में शामली रोडवेज की कार्यशाला के बजट जारी करने वकालत कर चुके हैं। निगम की बोर्ड बैठक में शामली रोडवेज डिपो की कार्यशाला का निर्माण का प्रस्ताव पारित हो चुका है।