संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। अमर उजाला में खबरें प्रकाशित होने पर स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल में रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए शासन को पत्राचार किया है। इसके अलावा जिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के प्रसव कराने की तैयारी तेजी से शुरू हो गई है।
अमर उजाला के अभियान में चार मई के अंक में जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, पांच मई को मरीजों को दर्द आज अल्ट्रासाउंड होगा दो महीने बाद, छह मई को प्रसव की जिम्मेदारी संभाल रही स्टाफ नर्स, सात मई को न चिकित्सक और न प्रशिक्षित स्टाफ फिर कैसे हो इलाज, आठ मई को गर्मी में बढ़ी मरीजों की भीड़, स्वास्थ्य सेवाएं पड़ रही कम, नौ मई को यहां तो खराब पड़े हैं हेल्थ एटीएम कैसे हो जांच 10 मई को जिला अस्पताल में डायलिसिस करानी है तो नंबर आने का करें इंतजार और 11 मई को लिपिड प्रोफाइल की नहीं हो रही जांच शीर्षक से समाचार प्रकाशित हुए हैं।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को लेकर सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि फिजिशियन, रेडियोलोजिस्ट, नेत्र सर्जन, निश्चेतक, मनोचिकित्सक और स्त्री रोग एवं प्रसूति विशेषज्ञ आदि के रिक्त चल रहे पदों पर नियुक्ति के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। जिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के प्रसव के लिए लेबर रूम को तैयार किया जा रहा है। ऑपरेशन के लिए निजी महिला चिकित्सक से अनुबंध किया गया है। उम्मीद है इसी महीने प्रसव की सुविधा शुरू हो जाएगी। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने सीएचसी पर लगे हेल्थ एटीएम के बारे में जानकारी कराकर उन्हें चालू कराने की बात कही है।