शामली में मेरठ करनाल मार्ग पर वाहनों कीं चैकिंग करते यातायात पुलिस कर्मी । संवाद
शामली। युद्ध विराम के बाद भारत-पाकिस्तान की सीमा पर तनाव के चलते जिले में आंतरिक सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। जिलेभर में कड़ी चौकसी बरती जा रही है।
हाईवे पर भी मोर्चे बनाकर निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म की निगरानी की जा रही है। खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हैं। एसपी रामसेवक गौतम का कहना है कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीमा पर चल रहे तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस-प्रशासन स्वास्थ्य, अग्निशमन विभाग, रेलवे पुलिस आदि के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है।
एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि जिले में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस को नियमित चेकिंग करने और पैदल गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही हाईवे पर निगरानी के लिए 11 स्थानों पर मोर्चे बनाकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। हरियाणा सीमा पर कैराना और बिडौली में वाहनों की चेकिंग और संदिग्ध लोगों की तलाशी ली जा रही है। रेलवे स्टेशन पर और ट्रेनों में भी चेकिंग की जा रही है। इसके अलावा होटल, धर्मशालाओं आदि पर भी निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने किसी भी माध्यम से अफवाह फैलाकर लोक व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तो उसके विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।