शामली। पहाड़ों पर बर्फ पड़ने से मैदान में भी दो दिन से पाला पड़ रहा है, जिसके चलते लोगों की धूप में भी कंपकंपी बंधी हुई है। ठंड अधिक होने के कारण धूप का भी कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। ठंड से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। वहीं, प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों की छुट्टी में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। बुधवार को स्कूलों में बच्चे ठंड से कांपते हुए स्कूल में पहुंचे। दो दिन से लगातार बढ़ रही ठंड से पारा आठ डिग्री पहुंच गया है।
बुधवार को सर्द हवाओं के कारण जनजीवन पूरी तरह से अस्तव्यस्त रहा। स्कूल, कॉलेजों में बच्चों की उपस्थिति कम रही, वहीं सरकारी दफ्तरों में भी कम
चहल पहल देखने को मिली। सर्दी के कारण कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों की प्रशासन ने छुट्टियां 10 जनवरी तक घोषित की थीं। प्रशासन ने मंगलवार छुट्टियां बढ़ाने के लिए कोई आदेश नहीं दिया, जबकि अन्य जनपदों में 14 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। प्राइवेट स्कूलों ने भी छोटे बच्चों का अवकाश घोषित कर रखा है।
लेकिन जनपद के सरकारी स्कूलों में बुधवार को भी बच्चों को ठंड में ठिठुरते हुए पहुंचना पड़ा। जनपद में बुधवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री दर्ज किया गया। लोगों ने गर्म कपडे़ पहनकर ठंड से बचने का प्रयास किया।
बढ़ती ठंड से लोग परेशान, अलाव जलाने की मांग
जलालाबाद। दो दिन से लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड ने लोगों को परेशान कर दिया है। तेज धूप के बाद भी राहत नहीं मिल पा रही है। कस्बे वासियों ने नगर पंचायत से अलाव की व्यवस्था की मांग की है।
जहां पहाड़ों पर पूरी तरह बर्फबारी हुई वही जलालाबाद व आसपास के क्षेत्रों में भी भयंकर पाला पड़ रहा है। बर्फ की चादर सी बिछी हुई देखी जा रही है। जिसके कारण मौसम की ठंड बढ़ने से किसानों की आलू व लहसुन की फसल के ऊपर बर्फ जमी नजर आई। जिसके कारण किसानों में फसल को लेकर चिंता बढ़ी हुई हैं। किसान जनेश्वर, अफजल, सलीम व असलम आदि का कहना हैं कि जहां सर्दी गेहूं व गन्ना आदि के लिए फायदा बढ़ा है, वहीं पर आलू और लहसुन की आने वाली फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।
कस्बे के नागरिकों व दुकानदारों ने नगर पंचायत अध्यक्षा रमा अशरफ अली व अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र से कस्बे के मुख्य मार्गों व चौराहों आदि पर अलाव जलाने की मांग की है। ताकि सर्दी के चलते आम आदमी को आग तपने से राहत मिल सके। इस दौरान विनोद कुमार, पूरनचंद, नीरज पाल, सतीश कुमार, जमील अहमद, पप्पू, मांगेराम, रशीद अली आदि मौजूद रहे।
स्कूल, कॉलेजों का बदला समय
शामली। जिला विद्यालय निरीक्षक एसएम सिद्दीकी और बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर ने बताया कि जनपद में अत्यधिक बढ़ती ठंड के कारण स्कूल और कॉलेजों के समय में बदलाव किया है। परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक मान्यता प्राप्त, अशासकीय सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड के कक्षा 8 तक बच्चों व माध्यमिक विद्यालयों में भी कक्षा-6 से आठ तक के बच्चों का समय 12 जनवरी से 17 जनवरी तक सुबह 10.30 से 2.30 तक खुलेंगे। निर्देशों का पालन न करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।