रंजिश में की गई थी किशन की हत्या
शामली/झिंझाना। तीन दिन पहले झिंझाना क्षेत्र के गांव मन्नूगढ़ में किसान किशन सैनी की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को तमंचा व कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि मुकदमे की रंजिश में किसान की गोली मारकर हत्या की गई थी।
एसपी सुकीर्ति माधव ने रविवार को बताया कि झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव मन्नूगढ़ (म्यान कस्बा) में तीन दिन पहले शुक्रवार को करीब 11.30 बजे किसान किशन सैनी की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। उस समय किसान मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव में किराना की दुकान के पास चारपाई पर बैठा था। घटना की सूचना पर एसपी सुकीर्ति माधव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। पुलिस की दो टीमों के साथ एसओजी टीम को भी लगाया गया था। मृतक के पुत्र सोहनलाल ने थाना झिंझाना पर सन्नी व दो अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी ने बताया कि रविवार को थाना झिंझाना पुलिस व एसओजी ने आरोपी सन्नी निवासी गांव मन्नूगढ़ को बिडौली-चौसाना मार्ग पर कमालपुर मंदिर के निकट से बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा, छह कारतूस व एक खोखा बरामद किया। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि आरोपी सन्नी ने पूछताछ में बताया कि करीब 10 साल पहले मृतक पक्ष के परिवार की लड़की गायब हो गई थी, जो बाद मेें मिल गई थी। इस मामले में आरोपी सन्नी के पिता समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया था, लेकिन कोर्ट में अभी यह मामला विचाराधीन है। एएसपी के मुताबिक इस मुकदमे की पैरवी किशन कर रहा था। इसी रंजिश में किशन की गोली मारकर हत्या की गई थी।