कांधला। कांधला के ईंट भट्ठा व्यापारी आदेश सैनी की हत्या का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। कांधला में हुई श्रद्धांजलि सभा में व्यापारियों ने खुलासा न होने पर रोष जताया। वहीं, सांसद और विधायक ने कहा कि व्यापारियों के हक में हर दम साथ खड़े रहेंगे और जरूरत पड़ी तो आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेंगे।
मंगलवार देर शाम कस्बा कांधला के मोहल्ला सरावज्ञान स्थित थोक बाईस हवेलियान धर्मशाला में व्यापार मंडल के आह्वान पर श्रद्धांजलि सभा हुई। उसमें एक सप्ताह के भीतर भट्ठा व्यापारी आदेश सैनी की हत्या, राजेंद्र गोयल की मौत, व्यापारी योगेश अग्रवाल की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर व्यापारियों ने दुख प्रकट करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
उसके बाद व्यापारियों ने आदेश हत्याकांड पर रोष प्रकट करते हुए जनपद बागपत पुलिस अधिकारियों से वार्ता करके वारदात के खुलासे की मांग की। शोकसभा में पहुंचे सांसद हुकुम सिंह ने कहा कि इस प्रकार से व्यापारियों का हमारे बीच से चले जाना परिवार की ही नहीं, बल्कि समाज की बहुत बड़ी हानि है। आदेश हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी, खुलासे के लिए बागपत पुलिस के साथ ही उच्चाधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।
थानाभवन से भाजपा विधायक सुरेश राणा ने कहा कि किसी एक कार्यकर्ता को तैयार होने में काफी वक्त लग जाता है। इस प्रकार व्यापार मंडल के सक्रिय कार्यकर्ताओं का जाना समाज के लिए बड़ी हानि है।
आदेश हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर कस्बा कांधला के व्यापारियों के साथ हैं। अगर आंदोलन की आवश्यकता पड़ी, तो पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान सभा का संचालन व्यापार मंडल अध्यक्ष ईश्वर दयाल कंसल ने किया। शोक सभा में कैराना विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रही मृगांका सिंह, कांधला नगर पालिका चेयरमैन वाजिद हसन, तरुण अग्रवाल, नरेश सैनी, पवन कंसल, जहीर आरजू, सुनील पंवार, विष्णु प्रसाद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।