शामली। इस बार शुक्रवार और शनिवार दोनों दिन भगवान आशुतोष की पूजा, अर्चना एवं जलाभिषेक होगा। त्रयोदशी का चतुर्दशी में प्रवेश करने वाली तिथि को महाशिवरात्रि की मान्यता है। शुक्रवार रात्रि 9: 38 मिनट पर त्रयोदशी और चतुर्दशी का यह मिलन होने से महाशिवरात्रि का संयोग बन रहा है।
पंडित कुशलानंद जोशी के अनुसार शुक्रवार को सुबह सात बजे से महाशिवरात्रि का शुरू होगा। महाशिवरात्रि पर सुबह, दोपहर, शाम और रात्रि चारों प्रहर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया जाएगा। शुक्रवार को त्रयोदशी में सुबह 7:00 बजे से लेकर 9:00 बजे, दोपहर बाद 3:00 बजे से 5:00 बजे, रात्रि 9:00 बजे से लेकर 11:00 बजे, मध्यरात्रि 12:00 बजे से लेकर 1:00 बजे तक भगवान आशुतोष की पूजा अर्चना एवं जलाभिषेक किया जाएगा। शनिवार 25 फरवरी रात्रि 9:21 बजे तक पूजा अर्चना की जाएगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात्रि 9:38 बजे त्रयोदशी और चतुर्दशी का यह मिलन होने से महाशिवरात्रि का संयोग बन रहा है।
खेड़ी बैरागी शिव मंदिर, शामली, शिव चौक, माजरा रोड भाकूूवाला शिव मंदिर, मोहल्ला रेलपार कुड़ाना रोड सदा शिव मंदिर, मोहल्ला शिव दुर्गा मंदिर, हनुमानधाम, करनाल रोड भोलेश्वर महादेव मंदिर, बुढ़ाना रोड बलभद्र मंदिर, कैराना रोड गुलजारी वाला शिवालय, सब्जी मंडी माता शाकुंभरी देवी मंदिर, मंदिर ठाकुुरद्वारा, रेशमी कटहरा गंगा लक्ष्मीनारायण मंदिर, सती वाला मंदिर, मोहल्ला बनखंडी शिव मंदिर, हलवाई हट्टा वाला मंदिर, रेलवे रोड श्री सत्यनारायण मंदिर, टंकी रोड माता वैष्णो देवी-भैरव बाबा मंदिर, शहर कोतवाली शिव मंदिर, बनखंडी महादेव मंदिर कैैैराना, पीयूष आश्रम कैराना रोड, ग्राम बिड़ौली यमुना पुल पर शिव मंदिर, कैराना यमुना पुल शिव मंदिर, थानाभवन कचौरीवाला शिव मंदिर, जलालाबाद के शिव मंदिर को जलाभिषेक के लिए सजाया जा रहा है। शुक्रवार सुबह से ही यहां जलाभिषेक शुरू हो जाएगा।