शामली। मुजफ्फरनगर जिले के सोरम गांव में चल रही तीन दिवसीय सर्वखाप पंचायत के दूसरे दिन विभिन्न खापों के प्रतिनिधि शामिल हुए, लेकिन गठवाला खाप के बाबा राजेंद्र मलिक और उनके साथी थांबेदार श्यराम सिंह बहावड़ी पंचायत में उपस्थित नहीं हुए।
पंचायत में शामिल अन्य खापों के प्रतिनिधियों ने इसकी जानकारी दी कि गठवाला खाप 15 दिसंबर को लिसाढ़ में अपनी पंचायत आयोजित कर निर्णय लेने के लिए अडिग है। वहीं, खाप से जुड़े अन्य लोगों ने मुजफ्फरनगर में पहुंचकर भंडारा लगाया।
गठवाला खाप के चौधरी राजेंद्र मलिक ने स्पष्ट किया कि 15 दिसंबर को लिसाढ में पंचायत आयोजित कर उन खापों के खिलाफ कड़ा निर्णय लिया जाएगा, जिन्होंने सोरम पंचायत में भाग लिया।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय समाज हित में होगा और इसमें शामिल न होने वाले खापों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस आयोजन में पूर्व सांसद बिजनौर कुंवर भारतेंदु, पूर्व मंत्री संजीव मलिक, मंत्री कपिल देव अग्रवाल, चौधरी नरेश टिकैत, निशांत मलिक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उन्होंने भंडारे में शामिल लोगों से मिलकर पंचायत की व्यवस्थाओं और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की। पंचायत के दौरान प्रतिनिधि मंडल ने खापों और समाज से अनुरोध किया कि सामाजिक कुरीतियों को दूर किया जाए।