शामली में छात्रा सोनी की हत्या पर आक्रोशित कश्यप समाज के लोगों ने मंगलवार को शामली में कैंडल मार्च निकाला। हत्यारों को फांसी दो का नारा लगाते हुए प्रमुख मार्गों पर प्रदर्शन किया गया।
गौरतलब है कि कांधला क्षेत्र के गांव गढ़ीश्याम में गत 13 दिसंबर को 12 वीं की छात्रा सोनी कश्यप की धारदार हथियार से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। वारदात में नामजद आरोपी अमरपाल उर्फ पाल्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, लेकिन अन्य तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है, जिस कारण कश्यप समाज में आक्रोश बना हुआ है। मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे शहर में कश्यप समाज के लोग अग्रसेन पार्क पर इकट्ठा हुए। वहां से नारेबाजी के साथ कैंडल मार्च निकाला गया। उनके हाथ में तख्यितां थीं, जिन पर लिखा था हत्यारों को फांसी दो। वहीं, नारेबाजी में भी हत्यारों को फांसी दिलाने की मांग की जा रही थी। कैंडल मार्च अग्रसेन पार्क से शुरू होकर शिवचौक से गांधी चौक, बड़ा बाजार, कबाड़ी बाजार, फव्वारा चौक, वीवी इंटर कॉलेज रोड से होकर हनुमान मंदिर रोड से फिर अग्रसेन पार्क पर पहुंचकर समापन हुआ।
इस दौरान मांग की गई कि छात्रा के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाई जाए, गंगेरू पुलिस चौकी का समस्त स्टाफ निलंबित किया जाए। पीड़ित के घर आकर मुख्यमंत्री संवेदना व्यक्त करें तथा पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाई जाए। इस दौरान जयप्रकाश, इंद्रपाल कश्यप, कंवरपाल कश्यप, अमित कुमार, पवन कुमार, सोमपाल कश्यप, अनुज कुमार कश्यप, नीटू कश्यप, नीरज कश्यप, रणपाल सिंह कश्यप, विनोद कश्यप, अशोक, हरफूल सिंह, शिवराज सिंह आदि शामिल रहे।
21 दिसंबर के घेराव प्रदर्शन की तैयारियां
कांधला। छात्रा हत्याकांड के विरोध में पीड़ित परिवार और गढ़ी श्याम के लोगों ने 21 दिसंबर को जिला मुख्यालय पर होने वाले घेराव प्रदर्शन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को लोगों ने आसपास के गांवों में घूमकर लोगों से 21 दिसंबर को होने वाले प्रदर्शन में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। साथ ही पर्चे भी बांटे गए, जिसमें लिखा है हत्यारोपी अमरपाल को फांसी दिलाई जाए। उधर, जिला मुख्यालय पर होने वाले प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस भी लोगों को समझाने में लगी हुई है। कांधला थाना प्रभारी ने गढ़ीश्याम पहुंचकर छात्रा के परिजनों से मुलाकात कर कहा कि प्रकरण में पुलिस कार्रवाई कर रही है। आरोपियों के खिलाफ रासुका में कार्रवाई की जाएगी। अन्य तीन आरोपियों में एक
पकड़ लिया है।