पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद सीआरपीएफ के जवानों की शहादत के बाद कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। भाकियू भी इसके पक्ष में खड़ी हो गई है। इस धारा को हटाने सहित कई मांगों को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर धरना दिया।
भाकियू के सहारनपुर मंडलाध्यक्ष चौधरी ओमपाल, प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार के नेतृत्व में भाकियू के कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और धरना देकर बैठ गए । उन्होंने कहा कि पुलवामा में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन ने जिस कायराना ढंग से सीआरपीएफ के जवानों पर हमला किया वो बेहद निंदनीय है, लेकिन इसके बाद मजबूती के साथ हमारी जांबाज सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों की कमर तोड़ी है। इस पर हमें सेना पर गर्व है। विंग कमांडर की सकुशल वापसी के लिए पाकिस्तान को मजबूर किया। इसके लिए केंद्र सरकार भी बधाई की पात्र है। सरकार की कूटनीतियों से ही विदेश में भारत की स्थिति मजबूूत हुई है।
उन्होंने कहा कि जम्मू -कश्मीर में आतंकवाद की सबसे बड़ी वजह अनुच्छेद 370 है। इसे देशहित में हटाया जाना जरूरी है। एक ही देश में अलग तरह के कानून नहीं चलते। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को शहीद परिवारों को एक करोड़ का मुआवजा देना चाहिए और एक सदस्य को नौकरी। शहीदों के गांवों को शहीद गांव का दर्जा दिया जाना भी जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम अपनी कई मांगों से संबंधित ज्ञापन डीएम अखिलेश सिंह को दिया। इनमें चौधरी देशपाल, सतपाल पहलवान, चमन सिंह, प्रदीप त्यागी, अक्षय बधेव, अमरदीप लाठियान, संजीव राठी, ओमबीर पटवारी, दीपक शर्मा, अजयबीर त्यागी, राशिद चौधरी, राजबीर सिंह मलिक, अशोक केरटू, चमन सिंह, जितेंद्र निर्वाल, प्रदीप त्यागी, आदि मौजूद रहे।