कैराना। कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार को गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुना नदी पर उमड़ेंगे। यूपी के साथ ही हरियाणा के जिलों से श्रद्धालु यहां पहुंचकर स्नान करते हैं। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और सुविधाओं के लिए कोई खास तैयारी नहीं की गई है।
सोमवार को कार्तिक पूर्णिमा के गंगा स्नान का बड़ा महत्व है। इसी शुभ अवसर पर यूपी-हरियाणा से लाखों श्रद्धालु कैराना यमुना तट पर आकर स्नान करके पुण्य लाभ कमाते हैं।
यमुना तट पर कोई घाट बना नहीं होने और अवैध रेत के खनन के कारण यमुना तल में कई बड़े-बड़े गहरे कुंड बन गए हैं। इसके चलते ऐसे आयोजन के समय यहां हादसों की आशंका बनी रहती है।
शुक्रवार को ही दिल्ली निवासी सागर की यमुना में डुबने से मौत हो गई थी। इससे पहले भी यमुना में डूबने से कई लोगों की मौत हो चुकी है। इन हादसों के बावजूद यहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम नहीं किए गए हैं।