शामली में कांवड़ यात्रा के अंतिम दिन भोले की भीड़ के आगे जिला प्रशासन नतमस्तक नजर आया। हरिद्वार से लेकर हरियाणा तक डीजे लगे वाहनों का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार शाम चार बजे तक 1.80 लाख डाक कांवड़िए, 90 हजार से ज्यादा पैदल कांवड़ियों का रेला गुजरा। जिस कारण शहर में कई स्थानों पर जाम लगने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार को शिवरात्रि होने के कारण कांवड़ियों ने अंतिम दिन अपनी रफ्तार बढ़ा दी। रविवार को कांवड़ शिविर में विश्राम किए बिना शिव भक्तों की रफ्तार में तेजी आई। अपनी मंजिल तय करने के लिए एक दूसरे से आगे निकलने के लिए शिवभक्त भागमभाग रहे। जिला प्रशासन ने इस बार डाक वाहनों पर डीजे उतारने का दावा किया था।
शनिवार-रविवार को हरिद्वार से चली डीजे लगी कांवड़ियों की संख्याओं के आगे जिला प्रशासन नतमस्तक नजर आया। रविवार को डीजे लगी डाक कांवड़ के रेला आने से शहर के धीमानपुरा रेलवे फाटक, शहर के शिवचौक, हनुमान रोड, वीवी इंटर कालेज रोड, विजय चौक, कैराना रोड तक जाम की स्थिति बनी रही। हरिद्वार से हरियाणा तक जाने वाली डाक कांवड़ - पैदल कांवड़ियों के स्वागत में एमएसके रोड पर एआरटीओ कार्यालय, कुड़ाना बस अड्डा, धीमानपुरा रेलवे फाटक, शिव चौक, वर्मा मार्केट, फव्वारा चौक, गुलजारी वाला मंदिर, औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों व करनाल रोड पर आर के इंटर कालेज, पूर्वी यमुना नहरपुल के पास, रजवाहे पुल, जगह-जगह शहरवासी, दुकानदार, उद्यमी, आम नागरिकों ने फलों-ठंडे पेयजल, पानी पिलाकर पुण्य कमाया।
शामली नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र प्रसाद मिश्रा ने बताया कि शनिवार सुबह से लेकर रविवार सुबह आठ बजे तक एक लाख 80 हजार डीजे लगी डाक कांवड़िया, दोपहर दो बजे तक 30 हजार व शाम चार बजे तक कुल एक लाख 77 हजार डाक कांवड़िया हरियाणा की ओर प्रस्थान कर गया है। रविवार को देर रात्रि दो लाख डाक कांवड़िया एक लाख पैदल कांवड़ियों के गुजरने जाने की संभावना है।