शामली में डीएम ने सोमवार को आयोजित बैठक में कांवड़ यात्रा के तैयारियों की समीक्षा की। कहा कि कांवड़ यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित करके सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा सीओ निशांक शर्मा ने दुकानदारों के साथ मीटिंग की।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम सुजीत कुमार ने कहा कि कांवड़ के दौरान मुख्य मार्ग पर मीट, मछलियाें के ठेले व दुकानें, होटलों आदि पर प्रतिबंध रहेगा। मुख्य मार्गों की बिजली व्यवस्था की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत, विकास खंड अधिकारी, नगर पालिका परिषदों एवं ग्राम प्रधानों की होगी। कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले गांवों के प्रधानों, नगर पंचायतों, नगर पालिका परिषद के चेयरमैनों से अपील की हैै कि यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में अपना पूर्ण सहयोग दें।
एडीएम भरत पांडे ने कांवड़ मार्ग पर लगने वाले शिविर संचालकों के साथ संबंधित उप जिला मजिस्ट्रेट व संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी को बैठक करने के निर्देश दिए हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान सभी एंबुलेंस ड्राइवर अन्य कर्मचारी चिकित्सा सुविधा का फ्लैक्सी बोर्ड लगा लें। जिस पर मेडिकल टीम, ड्राइवर के मोबाइल नंबर अंकित हों और एंबुलेंस में डॉक्टर व आवश्यक पैरामेडिकल स्टाफ, सांप काटने की दवाई भी सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे उपलब्ध होनी चाहिए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले विद्युत ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग तथा कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली विद्युत लाइनों के लटके जर्जर तारों को ठीक कराया जाए।
सीडीओ विनोद कुमार सिंह ने कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए ग्राम प्रधानों एवं ग्रामीणों से सहयोग की अपेक्षा की है। पुलिस अधीक्षक विजय भूषण ने कहा कि कांवड़ यात्रा के लिए पर्याप्त फोर्स है। सीओ सिटी , मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी ऊन अवधेश सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार, जिला आबकारी अधिकारी सुधीर कुमार, खाद्य अभिहित अधिकारी पवन कुमार, कैैराना नगरपालिका परिषद के चेयरमैन राशिद अली, आनंदपाल सिंह जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि व व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।