कांवड़ यात्रा संपन्न्, ट्रैफिक सामान्य
- फोटो : प्रतीकात्मक
शामली में सोमवार को शिवरात्रि का जलाभिषेक होते ही कांवड़ यात्रा संपन्न हो गई। शाम के समय हाईवे पर जगह-जगह लगाए गए बैरियर हटा दिए गए और ट्रैफिक को सामान्य कर दिया गया। शाम को रोडवेज और प्राइवेट बसें अपने निर्धारित रूट पर चलने लगीं।
20 जुलाई से शुरू हुई कांवड़ यात्रा एक अगस्त को संपन्न हो गई। शिव भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 23 जुलाई को बैरियर लगाकर पानीपत-खटीमा मार्ग को कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दिया गया था। पानीपत- कैराना रूट को डायवर्ट कर दिया गया था। जिसके चलते यात्रियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शिवरात्रि के दिन कांवड़ियों के गुजर जाने के बाद सोमवार शाम चार बजे जिले भर में बैरियर को हटा दिया गया है। जिसके बाद शामली से मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, पानीपत, कैराना, मेरठ और दिल्ली के लिए ट्रैफिक सुचारु हो गया।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम शामली रोडवेज स्टेशन अधीक्षक राजेंद्र चौहान ने बताया कि सोमवार शाम चार बजे के सभी रूट से बैरियर हटाकर सभी वाहनों को चला दिया गया। सहारनपुर के एआरएम यजुवेेंद्र ने बताया कि हरिद्वार में कांवड़ियों की भीड़ हटने के बाद बस अड्ड़े को आम नागरिकों के लिए खोल दिया गया है। आज से यातायात पूरी तरह से सामान्य हो गया है।