शामली : खंड शिक्षा अधिकारी राजलक्ष्मी पांडेय
- फोटो : SHAMLI
रिश्वतखोरी में कैराना खंड शिक्षा अधिकारी निलंबित
शामली। कैराना ब्लाक की खंड शिक्षा अधिकारी राजलक्ष्मी पांडेय को शासन ने निलंबित कर दिया है। बीईओ को सतर्कता अधिष्ठान मेरठ की टीम ने नौ दिन पहले कपड़ा ठेकेदार से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। मामले में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने के बाद टीम उन्हें अपने साथ मेरठ ले गई थी।
बीईओ राजलक्ष्मी पांडेय को सतर्कता अधिष्ठान मेरठ की टीम ने 11 नवंबर की सुबह शामली के मोहल्ला काकानगर में उनके किराये के मकान से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था। कैराना ब्लाक के करीब 30 विद्यालयों में बच्चों की यूनिफार्म का कपड़ा सप्लाई करने वाले ठेकेदार सत्यपाल की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई थी। ठेकेदार ने आरोप लगाया था कि बीईओ उनसे कपड़ा सप्लाई का भुगतान करने की एवज में 100 रुपये प्रति बच्चे के हिसाब से रिश्वत मांग रही हैं।
उसी दिन रात को शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम बीईओ को अपने साथ मेरठ ले गई थी। इस प्रकरण की सूचना बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता वर्मा की तरफ से निदेशक बेसिक शिक्षा विभाग लखनऊ को भेजी गई थी। शासन ने पूरे मामले की जानकारी ली।
मामले में कार्रवाई करते हुए कैराना में तैनात बीईओ राजलक्ष्मी पांडेय को निलंबित कर दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता वर्मा ने बीईओ राजलक्ष्मी पांडेय के निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार को अपर निदेशक प्रयागराज की तरफ से निलंबन की कार्रवाई किए जाने संबंधी पत्र प्राप्त हो गया है। उनके स्थान पर कैराना में अभी किसी अधिकारी की तैनाती नहीं की गई है।