चौसाना में मंगलवार को जनसभा को संबोधित करते केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
शामली। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कैराना सीट से भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के लिए चौसाना में जनसभा की। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को हाथ का खिलौना बना दिया। भ्रष्टाचार भी करेंगे, वोट भी मांगेंगे। मुख्यमंत्री दावा करते हैं कि विकास कर दिया, मगर जनता को विकास दिखाई नहीं देता। आंकड़े झूठ नहीं बोलते। इस राज्य की सकल घरेलू उत्पादन दर 5.6 फीसदी से घटकर 3.6 फीसदी रह गई। कृषि की विकास दर 2.8 से घटकर 1.8 रह गई, क्या इसे विकास कहते हैं।
फिर कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि कानून व्यवस्था प्रदेश में बेहद खराब है। लोग पलायन कर रहे हैं और हुकुमत देख रही है। गुंडे बदमाश अपने सीने का बटन खोलकर सड़कों पर घूमते हैं। साल 2016 में प्रदेश भर में 260 घटनाएं हुई, लूट की 4096, मर्डर 4660, छोटे बड़े दंगे 7673, दुष्कर्म की 3433 घटनाएं हुई।
इनसे पूर्व कैराना से भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने भी भाजपा प्रत्याशी के लिए विकास के नाम पर वोट मांगे। जनसभा की अध्यक्षता लाला अमरनाथ ने और संचालन ठाकुर यशपाल सिंह तथा मनोज शर्मा ने किया।