शामली। नोटबंदी के चलते शहर के बैंकों पर एक दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को काफी भीड़ रही। वहीं शहर के जिला सहकारी बैंक में पिछले 12 दिनों से कैश नहीं मिलने से आक्रोशित किसानों ने मैनेजर को बैंक से बाहर निकालकर बैंक का ताला बंद कर शहर के गुरुद्वारे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम के आश्वासन के बाद ही जाम खुल पाया।
सोमवार को शहर के जिला सहकारी बैंक में पिछले 12 दिनों से कैश नहीं मिलने से परेशान किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। जिसके बाद किसान यूनियन नेता विनोद निर्वाल के नेतृत्व में किसानों ने बैंक का ताला बंद कर मैनेजर को बाहर निकालने के बाद शहर के गुरुद्वारा तिराहे पर बस व ट्रक सड़क के बीच खड़ा करवाकर जाम लगा दिया। जिसके बाद पूरा शहर जाम में बदल गया।
किसानों ने बताया कि हमारे ज्यादातर खाते सहकारी बैंक में हैं, लेकिन बैंक पिछले 12 दिनों से कोई कैश नहीं दे रहा है। जबकि अन्य बैंकों में थोड़ा थोड़ा कैश दिया जा रहा है। कैश नहीं मिलने से किसानों को गेहूं का बीज व खाद आदि खरीदने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। जिससे गेहूं की बुआई प्रभावित हो रही है।
वहीं घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है। किसानों ने 11.30 से 12.30 तक जबरदस्त जाम रखा। जिसके बाद मौके पर पहुंची आदर्श मंडी प्रभारी साहब सिंह ने काफी समझाने का प्रयास किया। लेकिन किसानों ने कहा या तो जेल जाएंगे या कैश मिलेगा। जिसके बाद किसान यूनियन नेताओं के पास एसपी का भी फोन आता रहा, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इस बीच मौके पर पहुंचे एसडीएम एमपी सिंह व सीओ उपेंद्र यादव ने भी समझाने का प्रयास किया। उनके आश्वासन पर जाम खोला गया।
उन्होंने फोन पर बैंकों से कैश के बारे में जानकारी की। उन्होंने किसानों को मंगलवार से स्टेट बैंक द्वारा सभी बैंकों में बराबर कैश डिवाइड कर भिजवाने के आश्वासन पर जाम खोल दिया।
इस दौरान हाजी इकराम, अनिल निर्वाल, कुलदीप पंवार, विजयपाल, पप्पू कुडाना, रमेश मराठा, संजीव, जितेंद्र निर्वाल, धीरेंद्र, जगत सिंह, सुधीर निर्वाल, सोमपाल सिंह, भुज्जी निर्वाल आदि मौजूद रहे।
धरने मेें ये रहीं मांगें
किसानों ने बताया कि डीएम से पहले भी कैश के बारे में कई बार बताया जा चुका है। जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई थी। उन्होंने मंगलवार से सहकारी बैंकों में कैश की व्यवस्था, एक दिन पहले 500 टोकन देने के बाद ही कैश दिया जाना। बैंकों मेें बराबर कैश की व्यवस्था, बैंकों के बाहर महिला और सीनियर सिटीजन के लिए बैंक के अंदर ही लाइन लगाने की अपील की।
45 मिनट तक फाटक से पहले ही खड़ी रही ट्रेन
जाम के कारण फाटक के बीच में वाहन खडे़ रहने से सहारनपुर की ओर से दिल्ली की ओर 12 बजे जाने वाली ट्रेन 45 मिनट तक फाटक से 200 मीटर पहले ही खड़ी रही। जाम खुलने के बाद 12.45 पर ट्रेन को चलाया जा सका।