शामली। शहर के सराफा व्यापारियों की 25 लाख की चांदी और नकदी लेकर भागे तीन कारीगर भाइयों के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उधर कारोबारी भी अपने स्तर से उनका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
शहर के सराफा कारोबारी अमरीश वर्मा, अनुज वर्मा, राजेश वर्मा, संजय वर्मा, शुभम वर्मा आदि ने शहर कोतवाली में दी तहरीर में बताया था कि सब्जी मंडी सराफा मार्किट में चांदी की ढलाई का कार्य करने वाले तीन भाईयों के पास आठ-दस सराफा कारीगरों ने लगभग 25 किलोग्राम चांदी जमा कराई थी। ये चांदी उन्होंने ढलाई के लिए दी गई थी। चांदी की कीमत 25 लाख रुपये के करीब बताई गई है। आरोप है कि तीनों भाई 29 जून से दुकान बंद कर भाग गए। इसके अलावा दो कारीगरों से लगभग एक लाख 85 हजार रुपये नकद भी ले गए। एसपी रामसेवक गौतम का कहना है कि अमानत में ख्यानत और धोखाधड़ी के मामलों में सीधे थाने पर मुकदमा दर्ज नहीं किया सकता। मुकदमा दर्ज होने से पहले पुलिस पूरे प्रकरण की नियमानुसार जांच कराई जाएगी। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज हो सकेगी। ।