फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: जांच एजेंसियों ने झिंझाना में डाला डेरा, जांच पड़ताल में जुटीं टीमें

विज्ञापन
विज्ञापन
शामली/झिंझाना। अहमदाबाद में एटीएस द्वारा झिंझाना निवासी आजाद को राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद खुफिया एजेंसियां जांच में जुटी हैं। एसओजी व जांच एजेंसियाें ने परिजनों से आजाद के बारे में जानकारी जुटाई। उधर, इस प्रकरण में संभावना जताई जा रही है कि एटीएस भी जांच के लिए जल्दी ही जिले में पहुंचेगी।कस्बा झिंझाना के मोहल्ला शेखा मैदान निवासी आजाद शेख को अहमदाबाद में एटीएस ने राष्ट्रविरोधी गतिवधियों के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया था। एटीएस अहमदाबाद ने परिजनों को फोन पर दोपहर को आजाद के पकड़े जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद दूसरी बार रात में फोन कर आजाद की परिजनों से फोन पर बात कराई। बड़े भाई शहजाद ने बताया कि फोन पर आजाद ने कहा कि उसका चालान कर दिया है और मेडिकल कराया जा चुका है। रविवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। आजाद ने उससे कपड़े लाने के लिए कहा था। इसके बाद एटीएस ने आजाद से फोन ले लिया। इसके बाद से परिवार के किसी सदस्य की आजाद से बात नहीं हुई। शहजाद व उसके पिता सुलेमान ने बताया कि अभी परिवार से कोई सदस्य अहमदाबाद नहीं गया है।
विज्ञापन

उधर, जांच एजेंसियों ने रविवार को भी झिंझाना में डेरा डाले रखा। जांच एजेंसियों ने परिजनों से उनके घर पर ही लंबी पूछताछ की। पुलिस व एसओजी टीम भी परिजनों से आजाद के बारे में जानकारी ले चुकी है। हालांकि अभी बाहर से किसी जांच एजेंसी के आने की जानकारी नहीं मिली है। एटीएस के जल्द ही जिले में आने की संभावना जताई जा रही है।
एसपी एनपी सिंह का कहना है कि इस मामले में आजाद की अहमदाबाद में गिरफ्तारी के संबंध में एटीएस या अन्य किसी जांच एजेंसी ने अभी तक उनसे संपर्क नहीं किया है और न ही बाहर से किसी जांच टीम के आने की जानकारी मिली है।
विज्ञापन

-
किरयाना की दुकान खोलने की तैयारी कर रहा था आजाद
झिंझाना। अहमदाबाद में एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए आजाद शेख की गिरफ्तारी पर परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की। पिता सुलेमान का कहना है कि आजाद को फोन कर बुलाया गया था और इसके बाद उसे इस मामले में फंसाया गया है। उन्होंने बताया कि आजाद करीब तीन महीने से घर पर ही रह रहा था और अब घर पर मिट्टी भराव का कार्य कर रहा था। वह अपनी किरयाना की दुकान खोलने की तैयारी कर रहा था। कहा कि बेटा निर्दोष है। यदि उसने गुनाह किया है तो पुलिस उसे फांसी पर चढ़ा दे, हमें कोई गम नहीं होगा।
बड़े भाई शहजाद ने कहा कि उसका भाई आजाद बेगुनाह है, उसे गलत तरीके से फंसाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह दोषी पाया जाता है तो उसे सजा मिलनी चाहिए, लेकिन जांच पूरी तरह से निष्पक्ष होनी चाहिए। उधर, आजाद की गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद से लोगों का उसके घर पर आना जाना लगा रहा।

आजाद के शांत चेहरे के पीछे छिपे खौफनाक इरादे सामने आने पर लोग हतप्रभ
शामली। मोहल्लेवासियों का कहना है कि आजाद शेख देखने में सीधा सादा और शांत स्वभाव का युवक था। वह किसी से मतलब नहीं रखता था। वह अपने घर पर ही ज्यादा रहता था और अपने काम में लगा रहता था। 2019 के बाद वह दीनी तालीम लेने के लिए बुढ़ाना मदरसे में चला गया था। वहां से सप्ताह में एक दिन घर आता था और किसी से मिलता जुलता नहीं था। कस्बे में भी किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं था। अहमदाबाद में रविवार को एटीएस द्वारा गिरफ्तार होने के बाद आजाद के खौफनाक इरादे सामने आने के बाद लोग हतप्रभ हैं। परिजनों का तो यहां तक कहना है कि उन्हें तो यकीन नहीं हो रहा कि आजाद राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल हो सकता है। मोहल्ले के कारी इरशाद ने बताया कि आजाद को देखकर कभी भी नहीं ऐसा लगा कि वह देश विरोधी गतिविधियों में सक्रिय हो सकता है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
-
कॉल डिटेल खंगालने में जुटी जांच एजेंसिया
शामली। जांच एजेंसियां और पुलिस ने आजाद व उसके संपर्क में आने वालों की निगरानी शुरू कर दी है। बताया गया कि उनकी काॅल डिटेल खंगाली जा रही है। कॉल डिटेल के आधार पर यह जानकारी जुटाई जा रही है कि आजाद के संपर्क में कौन-कौन लोग रहे हैं। वह किसके संपर्क में आया और किस हैंडलर के माध्यम से वह राष्ट्र विरोध गतिविधियों में शामिल हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें