संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। थानाभवन विधानसभा के ख्यावड़ी जंक्शन पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा को देखकर केंद्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा थोड़ी देर के लिए रुके। प्रदेश के पूर्व केबिनेट मंत्री ने जिले के बलवा, शामली तहसील, गोहरनी बधेव में चौराहों पर उपरिगामी पुल एवं गोलचक्कर बनाए जाने की मांग की है। मंत्री ने बलवा-तहसील पर उपरिगामी पुलों के सर्वे करने और गोहरनी और बधेव में सड़क को चौड़ाकर चैनल बनाने के निर्देश दिए।
शनिवार को दिल्ली देहरादून ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे की प्रगति जाने के लिए निकले केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री बागपत से सीधे सहारनपुर और देहरादून के लिए कार से रवाना हुए। शामली जिले के थानाभवन क्षेत्र के ख्यावड़ी जंक्शन पर कुछ देर के लिए रुके। केंद्रीय राज्यमंत्री ने पूर्व मंत्री से हाथ मिलाया। पूर्व मंत्री ने केंद्रीय सड़क राज्यमंत्री के स्मृति चिह्न देकर ख्यावड़ी जंक्शन दिए जाने पर अभिनंदन किया।
उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री को अवगत कराया कि शामली जिले के दिल्ली-शामली हाईवे पर बलवा में दो विचाराधीन उपरिगामी पुल और शामली तहसील के पास पानीपत-खटीमा हाईवे को जोड़ने वाले दिल्ली-शामली, सहारनपुर हाईवे के बलवा बाईपास पर उपरिगामी पुल की मांग पिछले तीन साल से चल रही है।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय नई दिल्ली से धनराशि अवमुक्त नहीं की गई है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने मेरठ-करनाल हाईवे शामली बाईपास पर बधेव-गोहरनी में सड़क को चौड़ाकर के चैनल बनाने और बलवा और शामली तहसील में उपरिगामी पुलों का सर्वे कराने के निर्देश दिए।
मौके पर पूर्व केबिनेट मंत्री सुरेश राणा के साथ थानाभवन ब्लाॅक प्रमुख पति दीपक कोरी, जिला पंचायत सदस्य के पति मेनपाल सिंह सैनी, ख्यावड़ी के प्रधान मौजूद रहे। बाद में केंद्रीय सड़क राज्य मंत्री सहारनपुर बड़गांव और गणेशपुर चौक के लिए रवाना हो गए। मंत्री के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बागपत के परियोजना निदेशक नरेंद्र कुमार सिंह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के ठेकेदार मौजूद रहे।