संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। एसपी रामसेवक गौतम ने पेट्रोल पंप संचालक और पंप मालिकों के साथ बैठक लेकर सुरक्षा के सभी इंतजाम करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को पुलिस कार्यालय सभागार में एसपी ने पंप संचालकों से कहा कि वे पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी कैमरों की शतप्रतिशत व्यवस्था हो और डीवीआर को सुरक्षित स्थान पर लगाए जाएं। कैमरे इस तरह लगाए जाएं कि पंप के सामने सड़क मार्ग में गुजरने वाले वाहनों के नंबर व वाहन में बैठे व्यक्ति की पहचान हो सके। कैमरे ऐसे हो जिनकी अच्छी क्वालिटी में रिकार्डिंग हो सके।
डीवीआर की क्षमता कम से कम एक माह की रिकाॅर्डिंग सुरक्षित करने की होनी चाहिए। पेट्रोल पंप पर कार्य करने वाले सभी कार्मिकों का पुलिस द्वारा सत्यापन अवश्य कराया जाए। कोई आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति अथवा असामाजिक तत्व नियुक्त न किया जाए। पेट्रोल पंप से यदि बड़ी मात्रा में नकदी का प्रवाह हो तो पुलिस को सूचना दी जाए।
एसपी ने कहा कि बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों को तेल न दिया जाए। अगर कोई पंप पर तेल संबंधी लेनदेन को लेकर विवाद करता है तो तत्काल यूपी 112 पर कॉल कर पुलिस की मदद लें। पेट्रोल पंपों पर सभी इमरजेंसी नंबर पुलिस, फायर व मेडिकल आदि लिखे बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही अग्नि दुर्घटना से बचाव के लिए सुरक्षा उपकरण क्रियाशील दशा में रखे। इस मौके पर एएसपी संतोष कुमार सिंह व पंप संचालक मौजूद रहे।
- संरक्षित पशु का कटान करने का आरोपी रासुका में निरुद्ध
शामली। झिंझाना थानाक्षेत्र में ढ़ाई माह पहले लव्वादाउदपुर के जंगल में संरक्षित पशु के अवशेष मिलने के मामले में आरोपी के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम में निरुद्ध किया गया है।
एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि गांव लव्वा दाउदपुर के जंगल में 15 मार्च को सुरक्षित पशु के अवशेष मिले थे। 16 मार्च को पुलिस ने संरक्षित पशु का कटान करने के आरोपी जावेद निवासी गांव मुंडेट खादर थाना थानाभवन को मुठभेड़ में उसके साथियों सहित गिरफ्तार किया था। इस मामले में जावेद को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत निरुद्ध किया गया है। एसपी ने बताया कि इस मामले में आरोपी इकबाल निवासी बसी चुंधियारी पांच मई को और समीर निवासी मोहल्ला इलाही बख्श थाना गंगोह सहारनपुर को 15 मई को रासुका में निरुद्ध किया जा चुका है।