शामली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये की बढ़ोतरी का असर अब बाजार पर पड़ने वाला है। महंगाई से जूझ रही जनता अब और महंगाई को लेकर चिंतित है।
डीजल के दाम बढ़ने से खेतों से मंडियों तक अनाज, फल और सब्जियां पहुंचाने वाले ट्रकों का किराया बढ़ जाएगा। इससे सब्जियों और किराना सामान की कीमतों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं कारखानों तक कच्चा माल पहुंचाने का खर्च भी बढ़ा दिया गया है, जिसके चलते इलेक्ट्रॉनिक सामान और प्लास्टिक उत्पाद भी महंगे हो सकते हैं। पेट्रोल और डीजल महंगा होने से निजी वाहनों का खर्च बढ़ गया है।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल व पेट्रोल चालित वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। साथ ही रोडवेज और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के किराए में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।