शामली। जिले में तीस खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद होनी शुरू हो गई है। पिछले एक सप्ताह में सिर्फ शामली मंडी के एक खरीद केंद्र पर 82 क्विंटल गेहूं की खरीद हो पाई थी जबकि बृहस्पतिवार को जिले के पीसीएफ के ऊंचागांव, महावतपुर और बल्लामाजरा गांव के खरीद केंद्रों पर 207 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है।
यूपी सरकार ने नई खरीद नीति 2021 को एक अप्रैल से लागू करते हुए गेहूं खरीद करने का निर्णय लिया है। एक अप्रैल से गेहूं खरीद के लिए जिले में पहले 27 खरीद केंद्र खोले गए थे। डीएम के निर्देश पर तीन नए खरीद केंद्र बढ़ा दिए गए, जिनमें खाद्य विभाग का शामली मंडी एक, पीसीएफ का इस्सौपुर खुरगान और बल्ला माजरा गांव में एक- एक गेहूं का खरीद केंद्र शामिल है। जिले में खरीद केंद्र खुले एक सप्ताह होचुके है, बुधवार को सिर्फ शामली मंडी में खाद्य विभाग के खरीद केंद्र पर 82 क्विंटल गेहूं की खरीद हो पाई थी।
पीसीएफ के प्रबंधक देवेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में पीसीएफ के 20 खरीद केंद्रों को सक्रिय कर दिया गया है। ऊंचागांव में 52 क्विंटल 50 किग्रा, महावतपुर गांव में 41 क्विंटल 50 किग्रा, बल्लामाजरा चौसाना में 32 क्विंटल गेहूं की खरीद होपाई है।उनके खरीद केंद्रो पर एक हजार गेहूं के बोरे और दो करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। एक केंद्र पर दस से लेकर 30 गांवों का संबद्धीकरण कर दिया गया है।
जिला विपणन अधिकारी निहारिका का कहना है कि जिले में गेहूं खरीद के लिए 806 किसानों का पंजीकरण हुआ है। पिछले साल किसानो से 4949 किसानों से गेहूं की खरीद हुई थी। उनके केंद्रों पर गेहूं की खरीद हुई है। नई खरीद नीति के मुताबिक ऑनलाइन अपडेट के बाद गेहूं की खरीद मानी गई है। खाद्य विभाग के शामली मंडी में सिर्फ एक खरीद केंद्र पर 82 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है।
------
चौसाना का करणसिंह खरीद केंद्र पर पहुंचा गेहूं लेकर
चौसाना। पीसीएफ के बल्ला माजरा सहकारी समिति पर बनाए गए क्रय केंद्र पर गेहूं खरीद की शुरुआत हो गई है। चौसाना निवासी किरण सिंह 32 क्विंटल गेहूं लेकर केंद्र पर पहुंचा। केंद्र संचालक उदयवीर सिंह ने बताया कि केंद्र पर पर्याप्त मात्रा मे गेहूं खरीद के उपकरण, बोरे आदि सामान मौजूद है। संवाद
-----
13 खरीद केंद्रों पर शुरू हुई गेहूं खरीद
शामली। मंडल के क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक प्रभारी प्रिंस चौधरी ने बताया कि मंडल में 178 खरीद केंद्र खोले गए हैं, जिनमें सहारनपुुर में 96, मुजफ्फरनगर में 52 और शामली में 30 खरीद केंद्र शामिल हैं। 13 खरीद केंद्रों में गेहूं की खरीद शुरू हो गई है, इनमें शामली में एक, सहारनपुर में सात और मुजफ्फरनगर जिले में पांच खरीद केंद्रों पर 85.95 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। संवाद
शामली नवीन मंडी में सरकारी गेंहू खरीद केन्द्र- फोटो : SHAMLI