मृतका गुलिस्ता का फाइल फोटो। परिजन
कांधला (शामली) मोहल्ला खैल खालापार में शुक्रवार शाम देवर ने कपड़े सुखाने से मना करने पर अपनी भाभी गुलिस्ता के सिर पर फावड़े से वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पांच वर्ष पूर्व आरोपी अपनी बुआ के पुत्र की हत्या के मामले में जेल गया था और तीन माह पहले ही जेल से जमानत पर छूटा था।
मोहल्ला खैल निवासी उमर अपनी पत्नी गुलिस्ता उर्फ गुल्लो (27) और चार वर्षीय अनस और दो वर्षीय पुत्र छोटा, मां समीना बानो व पिता भभुल के साथ रहते हैं। इसी घर में उनके साथ छोटा भाई आसिफ भी रहता है। शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे गुल्लो प्रथम मंजिल पर थी जबकि अन्य सभी परिजन नीचे घर में थे। उसी दौरान उसका देवर आसिफ अपनी भाभी गुल्लो के पास पहुंचा। आसिफ ने अपनी मां के कपड़े सुखाने के लिए अपनी भाभी से कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि आसिफ ने वहां रखे फावड़े से गुलिस्ता पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की चीख निकली, जिसे सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस पूछताछ के लिए पति उमर को भी थाने ले गई। पुलिस को परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं दी गई है। एसपी ने बताया कि आरोपी आसिफ करीब पांच वर्ष पहले जिला बागपत के रटौल में स्थित ईंट भट्ठे पर अपनी बुआ के पुत्र फारुख की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में जेल गया था और तीन माह पहले जमानत पर आया था। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
मृतका गुलिस्ता का फाइल फोटो। परिजन
मृतका गुलिस्ता का फाइल फोटो। परिजन