शामली। नगर पालिका परिषद के ठेका सफाई कर्मियों को दो महीने से वेतन नहीं मिलने पर पालिका के कार्यालय में जमकर हंगामा-प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को ज्ञापन डीएम को सौंपा।
सफाई कर्मचारियों ने बताया कि नगरपालिका में 177 लोग ठेका व्यवस्था के तहत सफाईकर्मी के रूप में कार्य करते हैं। दो महीने से सफाई कर्मियों को वेतन नहीं दिया जा रहा है, जिस कारण उनके परिवारों के सामने दो वक्त की रोटी का भी संकट खड़ा हो गया है।
बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं हो रही है, जिससे बच्चों का भविष्य भी दांव पर लग रहा है। नगर पालिका अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन वेतन नहीं दिया जा रहा है।
मालूम चला है कि नगर पालिका परिषद नए सिरे से ठेका छोड़कर सफाई कर्मियों को लेना चाहती है, जिससे लंबे समय से कार्यरत 177 कर्मियों का रोजगार छीनने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा मांग की है कि संविदा सफाई कर्मियों की भर्ती में पहले से ठेका व्यवस्था पर कार्यरत सफाई कर्मियों को वरीयता दिलाई जाए।
डीएम को भेजे ज्ञापन में कहा कि यदि उनकी मांगे पूरी नहीं की जाती हैं, तो सफाई कर्मियों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ज्ञापन की प्रति नगरपालिका चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी को भी भेजी गई है। इस दौरान उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार, मनोज, सचिन, सन्नी, अरुण, कुलदीप, अजय, विजय, बबलू, अनीत, ममता, सोनी, नरेश और राजकुमार आदि मौजूद रहे।