शामली। जिले के डिप्लोमा इंजीनियरों की मांगों को लेकर बुधवार से बेमियादी हड़ताल शुरू हो जाएगी। मंगलवार को लोकनिर्माण विभाग के कार्यालय पर जिले के डिप्लोमा इंजीनियरों का कार्य बहिष्कार व धरना जारी रहा।
उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के आह्वान पर लंबित समस्याओं को लेकर गत 15 फरवरी से लेकर 17 फरवरी तक लखनऊ में तीन दिवसीय क्रमिक अनशन चला था। क्रमिक अनशन के बाद सकारात्मक परिणाम नहीं आने से प्रदेश के सभी डिप्लोमा इंजीनियर्स द्वारा 18 फरवरी से लेकर 24 फरवरी तक कार्य बहिष्कार एवं 25 फरवरी से बेमियादी हड़ताल का कार्यक्रम प्रस्तावित था, किंतु 24 फरवरी को प्रमुख सचिव कार्मिक से हुई वार्ता के बाद महासंघ की उच्चाधिकार सभा में निर्णय लिया गया था एक मार्च तक कार्य बहिष्कार जारी रहने का निर्णय लिया गया था।
दो मार्च से बेमियादी कालीन हड़ताल की घोषणा की गई थी।
मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में जिले के सभी डिप्लोमा इंजीनियरों ने कार्य बहिष्कार जारी रहा। डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के इंजीनियर्स संजीव कुमार और जिले के सचिव इंजीनियर दिप्तेश कुमार तोमर ने बताया कि दो मार्च से 14 सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होने पर जिले के डिप्लोमा इंजीनियर बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे। कार्य बहिष्कार और धरने में दिप्तेश कुमार, विजय मित्तल, मेहर सिंह, संजीव कुमार, पवन कुमार, चंद्रवीर, मुकेश कुमार, सुरेंद्र मौजूद रहे।