शामली। जिले में चिलचिलाती धूप निकलने और गर्म हवा चलने से भीषण गर्मी पड़ रही है। सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण लोग गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान स्थिर रहा जबकि न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।
जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है। शनिवार सुबह से ही चिलचिलाती धूप निकली। दस बजे के बाद गर्म हवा चलनी शुरू हो गई थी। दोपहर में धूप का असर तेज होने के कारण लोग गर्मी में पसीने से परेशान रहे। लोग धूप व गर्मी से बचने के लिए घरों के अंदर ही रहे। इसके चलते सड़काें पर आवाजाही कम रही और बाजार सूने रहे। दुकानदार, व्यापारी ग्राहकों का इंतजार करते रहे। घर से बाहर जरूरी काम होने पर बाहर निकले लोग धूप से बचाव के लिए छाता लगाकर जाते दिखाई दिए। दुपहिया वाहनों पर लोग सिर व मुंह पर कपड़ा लपेटकर जाते हुए दिखाई दिए। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होकर 27 डिग्री सेल्सियस रहा। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी उप्र के अधिकतर जिलों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में वृद्धि होने के आसार हैं।