शामली। कोरोना की पहली लहर के बाद से पिछले डेढ़ साल से बंद चल रही दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग पर जल्द ही जनता एक्सप्रेस के दौड़ने की एक सितंबर से संभावना बन गई है। दिल्ली मंडल मुख्यालय से जनता एक्सप्रेस के संचालन की अनुमति आने की रेलवे के अफसर इंतजार कर रहे हैं।
कोरोना लॉकडाउन लागू होने के बाद दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग पर जनता एक्सप्रेस समेत सभी ट्रेनों का संचालन बंद हो गया था। कोरोना की प्रथम लहर का असर खत्म होने के बाद पिछले साल उत्तर रेलवे ने पहले उदयपुर-हरिद्वार स्पेशल एक्सप्रेस का संचालन किया गया। इस साल दिल्ली-शामली, सहारनपुर तक पांच ट्रेनों का संचालन किया गया। जनता एक्सप्रेस समेत हरिद्वार आने-जाने वाली पैसेंजर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया था। उत्तर रेलवे दिल्ली मंडल मुख्यालय ने दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग पर दिल्ली से सहारनपुर तक जनता एक्सप्रेस के संचालन की मांग की थी।
शामली रेलवे स्टेशन अधीक्षक इकराम अली ने बताया कि जनता एक्सप्रेस के संचालन का 20-21 अगस्त से संचालन का दावा किया जा रहा था, मगर उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल मुख्यालय से अभी तक दिल्ली से शामली, होकर सहारनपुर तक इसके संचालन की अनुमति और टाइम टेबिल स्थानीय रेलवे के अधिकारियों को प्राप्त नहीं हुआ है। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के रेलवे प्रबंधक डिंपी गर्ग ने बताया कि दिल्ली रेलवे बोर्ड से जनता एक्सप्रेस के संचालन की अनुमति का आर्डर प्राप्त नही हुआ है, वह जल्दी इस ट्रेन के संचालन के बारे में अवगत कराएंगे।