शामली। कैराना पलायन प्रकरण का मुद्दा उठाने के बाद भाजपा सांसद हुकुम सिंह की छवि हिन्दूवादी नेता के रूप में हो गई है। यही वजह है कि सितंबर माह में अमेरिका में विश्व हिंदू दिवस पर ओम क्रिया योग फाउंडेशन की ओर से कराए जा रही कांफ्रेंस में बोलने के लिए सांसद हुकुम सिंह को न्यौता मिला है।
ओम क्रिया योग फाउंडेशन की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राज्य लक्ष्मी की ओर से ई मेल के जरिये उन्हें यह निमंत्रण मिला है। उसमें बताया गया है कि 11 सितंबर को अपराह्न तीन से रात नौ बजे तक टीवी एशिया यूएसए ऑडिटोरियम 76 नेशनल आरडी एडिशन एनजे 0881 में विश्व हिंदू दिवस पर कांफ्रेंस होगी।
उसमें यूनियन ऑफ संस्कृत, संस्कृति और सनातन धर्म पर व्याख्यान दिया जाएगा। उसके लिए भाजपा सांसद हुकुम सिंह के साथ ही राज्य सभा सदस्य सुब्रह्मण्यम स्वामी को भी संबोधन के लिए आमंत्रित किया गया है। कैराना से भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने बताया कि वह सात सितंबर को अमेरिका के लिए रवाना होंगे। उक्त कार्यक्रम अमेरिका में तीन दिन तक तीन स्थानों पर होना है। 11 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम में उन्हें संबोधन करना है।
कैराना मुद्दे ने बनाई हिंदूवादी छवि
भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने मई माह में कैराना से 346 हिन्दू परिवारों के पलायन का मुद्दा उठाया था। उसको लेकर देशभर में चर्चा शुरू हो गई थी। साथ ही भाजपा ने इलाहाबाद में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी कैराना पलायन प्रकरण को उठा लिया था। इसके बाद से सांसद हुकुम सिंह की छवि हिंदूवादी नेता के रूप में उभरकर आई। हालांकि सांसद हुकुम सिंह का कहना है कि उन्होंने तो गुंडागर्दी के कारण कैराना से होते पलायन का मुद्दा उठाया था।