विहिप और बजरंग दल का अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम हुआ
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह मंत्री राजकुमार डूंगर ने कहा कि जातिगत भेदभाव भूलकर सभी हिंदू बनें और अखंड भारत के नवनिर्माण के लिए नई दिशा देने का काम करें।
विहिप और बजरंग दल के तत्वावधान में माजरा रोड स्थित सभागार में अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता विहिप के प्रांत सह मंत्री राजकुमार डूंगर ने कहा कि एक समय था जब भारत पूरी दुनिया को चलाता था। लेकिन धीरे-धीरे भारत माता के टुकड़े होते चले गए। कुछ पीछे जाए तो पाकिस्तान नाम का टुकड़ा भी मां भारती के हृदय से अलग किया गया। जिस दिन हिंदू समाज जातिवाद से निकलकर एकजुट हो जाएगा, उस दिन लाहौर के अंदर पाकिस्तान की छाती पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मां भारती को पुन: अखंड करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने हिंदू समाज से एकजुट होकर अखंड भारत को नई दिशा देने का कार्य करने का आह्वान किया।
विहिप के जिला मंत्री सन्नी शर्मा ने कहा कि 19 जनवरी 1990 को कश्मीर में हिंदुओं के साथ जो अत्याचार करते हुए निर्दयता की हदें पार की गई थी। इसलिए कहीं न कहीं लगता है कि यह आजादी की खुशियां मनाने का सही समय नहीं है। हम खुशियां तब मनाएंगे जिस दिन कश्मीर के अंदर विधर्मियों की छाती पर पांव रखकर पुन: उन हिंदुओं को स्थापित करेंगे। जिला संयोजक विशाल निर्वाल ने कहा कि भारत को पुन: अखंड भारत बनाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर विधर्मी ताकतों से लड़ना होगा।
कार्यक्रम अध्यक्ष अजय संगल ने कहा कि आज समाज को जागरूक करने के लिए बजरंग दल के इन योद्धाओं और कार्यकर्ताओं की बहुत आवश्यकता है। कार्यक्रम में विहिप के जिलाध्यक्ष सुभाष मलिक, जिला उपाध्यक्ष अनुपमा राठी, प्रांत संयोजिका प्रतीक्षा कांबोज, प्रांत प्रमुख ममतेेश, जिला विशेष संपर्क प्रमुख पंकज राठी, जिला सेवा प्रमुख भारत भूषण, शालू राणा, सन्नी सरोहा, रविचंद, पवन, जितेंद्र, अमित विश्वकर्मा, सागर, अरुण, पारखी, गौरव खातियान, गौरव निर्वाल, पूनम राणा, सुधा तोमर, उमा शर्मा, अर्जुन गौतम, रजनीश चौबे, अजय आदि मौजूद रहे।