झिंझाना। मोहल्ला सैदमीर में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जर्जर हाईटेंशन लाइन से अचानक मकान में करंट उतर गया, जिससे घर में मौजूद परिवार के सदस्य करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। मोहल्ले वासियों ने विद्युत विभाग से जल्द समाधान करने की मांग की।
कस्बे की नाला पटरी से होकर हाईटेंशन लाइन गुजरती है। लक्ष्मण सिंह के मकान के ऊपर से बिजली के काफी कनेक्शन के केबिल भी गुजर रहे हैं। मंगलवार सुबह अचानक लाइन में तेज करंट उतर गया, जिससे मकान में झटके महसूस हुए और परिजन घबराकर तुरंत बाहर निकल आए। गनीमत रही कि जानमाल की क्षति नहीं हुई।
घटना से गुस्साए मकान मालिक लक्ष्मण सिंह ने किसी तरह साहस दिखाकर मकान के ऊपर से गुजर रही जर्जर हाईटेंशन लाइन को उतारकर सड़क पर फेंक दिया। मोहल्ले वालों ने आरोप लगाया कि शिकायत कई बार विद्युत विभाग से की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया। विभाग की लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ। अवर अभियंता सुरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिल चुकी है और जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।