कोरोना प्रोटोकॉल को लेकर लापरवाह हुआ स्वास्थ्य विभाग
शामली। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर दुनिया भर में अफरातफरी का माहौल है। प्रदेश में इसे लेकर अलर्ट किया गया है। लेकिन कोरोना को लेकर अब लोग बेफिक्र हो गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग भी कोरोना प्रोटोकॉल के प्रति लापरवाही बरत रहा है। बुधवार को जिला अस्पताल और सीएचसी में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। कई चिकित्सक बिना मास्क के मरीजों का इलाज करते दिखे। कर्मचारी भी बिना मास्क के अपने कार्य में लगे रहे। हालांकि कुछ चिकित्सक और कर्मचारी नियमित रूप से मास्क लगा रहे हैं।
सैनिटाइजर का इस्तेमाल भी हुआ कम
कोरोना की दूसरी लहर में सैनिटाइजर के इस्तेमाल के लिए चिकित्सक सभी को सलाह देते थे। लेकिन अब खुद चिकित्सक ही सैनिटाइजर का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। जिला अस्पताल और सीएचसी में ज्यादातर चिकित्सकों की टेबल से सैनिटाइजर हट चुके हैं।
मरीजों की भीड़ भी पहुंच रही बिना मास्क
सरकारी अस्पतालों में सर्दी में मरीजों की भीड़ भी काफी पहुंच रही है, लेकिन अधिकतर मरीज बिना मास्क के ही अस्पताल पहुंच रहे हैं। उन्हें अब मास्क लगाने के लिए कोई टोकता भी नहीं है। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल का कहना है कि कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को दिए गए हैं। जो इसका पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मरीजों से भी अस्पतालों में मास्क लगाकर पहुंचने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की है।
शामली जिला अस्पाताल में ओपीडी में बिना मास्क लगाये मरीजो को देखते चिकित्सक- फोटो : SHAMLI