शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर रेलवे लाइन पर बलवा हॉल्ट के निकट ट्रेन से कटकर हरियाणा के रोहतक निवासी सचिन (35) ने आत्महत्या कर ली। वह बिजली फिटिंग का कार्य करता था। मृतक की जेब में सुसाइड नोट मिला, जिसमें माता पिता से माफी मांगते हुए उसकी पत्नी व बच्चों का ध्यान रखने की बात लिखी है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन युवक के शव को घर ले गए। परिजनों की तरफ से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि बलवा हॉल्ट के निकट रेलवे लाइन किनारे युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर कोतवाली पुलिस और थाना जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी जांच की। शव के निकट ही उसकी बाइक खड़ी थी।
पुलिस के मुताबिक युवक के सिर में गंभीर चोट लगी थी और चेहरा कुचला हुआ था। पुलिस का कहना है कि दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली जनता एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर युवक ने आत्महत्या की है। उसकी जेब से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने हाथ से कागज पर अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए उसकी पत्नी व बच्चों का ध्यान रखने की बात लिखी है। नीचे नाम और मोबाइल नंबर लिखा था। सुसाइड नोट पर लिखे मोबाइल फोन नंबर पर संपर्क कर परिजनों को जानकारी दी गई। परिजनों ने शामली पहुंचकर शव की पहचान सचिन पुत्र शिवनारायण निवासी हुमायूंपुरा जिला रोहतक (हरियाणा) के रूप में की।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि इस मामले में परिजनों की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई। परिजनों ने बताया कि वह शुक्रवार को घर से गया था, लेकिन शामली कब और क्यों पहुंचा, इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। घर पर किसी के साथ किसी तरह का कोई विवाद भी नहीं था।