शामली। वीवी पीजी कालेज शामली में संविधान ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एमए प्रथम सेमेस्टर के छात्र गुड्डू कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शुक्रवार को कालेज में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने छात्र-छात्राओं से कहा कि हमारे देश का संविधान शासन प्रशासन की रीढ़ है। संविधान द्वारा ही सर्वोच्च स्तर के अधिकारी से लेकर नीचे के स्तर के अधिकारियों तक के अधिकार व कर्तव्य निर्धारित होते हैं। डॉ. प्रताप कुमार ने बताया कि हमारा संविधान हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से हमें प्रेरणा मिलती है, जिससे हमें भी राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।
डॉ. बबली, निर्भय सिंह ने कहा कि संविधान में उन्हीं मूल्यों को स्थापित किया गया है, जिन मूल्यों के लिए भगत सिंह ने अपनी शहादत दी थी और महात्मा गांधी ने जन आंदोलन छेड़ा था। संविधान ज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान एमए प्रथम सेमेस्टर के छात्र गुड्डू कुमार ने प्राप्त किया। इसी सेमेस्टर के पारूल ने द्वितीय स्थान और रश्मि रानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मौके पर पूजा, नारायण सिंह, डॉ. अनुप्रिता, भीष्म और धर्मेंद्र चौहान मौजूद रहे।