शामली। वाणिज्यकर विभाग की टीम ने नवीन मंडी में कैंप लगाकर व्यापारियों को जीएसटी के बारे में जानकारी दी। व्यापारियों से अपील की गई कि अपनी फर्म रजिस्टर्ड कराएं और जीएसटी के अनुसार माइग्रेशन करा लें। ताकि भविष्य में व्यापार करने में किसी तरह की कठिनाई उत्पन्न न होने पाए।
बृहस्पतिवार को नवीन मंडी में लगाए गए कैंप के दौरान वाणिज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर एपी राय, असिस्टेंट कमिश्नर एसपी मलिक सहित उनकी टीम पहुंची। वहां मंडी व्यापार एसोसिएशन के पदाधिकारियों तथा अन्य व्यापारियों के साथ बैठक कर जीएसटी के नियमों से जागरूक किया। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जिन व्यापारियों ने टिन नंबर नहीं लिया है, वह फर्म रजिस्टर्ड कराकर टिन नंबर ले लें। साथ ही जीएसटी के नियमों का पालन करते हुए माइग्रेशन का हिस्सा बन जाएं।
उन्होंने बताया कि जीएसटी लागू होने पर विभाग की ओर से सभी सूचनाएं ऑनलाइन भेजी जाएंगी, उसके लिए व्यापारियों को भी अपना कारोबार ऑनलाइन करना होगा। वहीं, व्यापारियों ने सवाल किया कि जीएसटी के फार्म में 5 कॉलम दिए गए हैं, जबकि व्यापारी कई प्रकार के उत्पादों का कारोबार करते हैं। इस पर वाणिज्यकर अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल जितने कॉलम हैं, उतने ही उत्पाद भर दो, भविष्य में कॉलम बढ़वाने पर विचार किया जाएगा।
इस दौरान मंडी व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार संगल, पवन कुमार संगल, ऋषिपाल गुप्ता, राजीव संगल, श्रीपाल, दिनेश जैन, अनेंद्र चौधरी, सुखवीर सिंह, माधोराम, सुनील कुमार, आदेश जैन और जसवीर सिंह आदि मौजूद रहे।