शामली। जीएसटी की दर कम होने से कपड़ा बाजार और इलेक्टि्रक बाजार में रौनक आ गई है। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ खरीदारी के लिए बढ़ रही हैं। भीड़ देखकर दुकानदारों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे हैं। व्यापारियों का कहना है कि जीएसटी दर घटने से 20 से 25 प्रतिशत बिक्री अधिक हो रही है।
जीएसटी दर कम होने से कपड़ों और इलेक्टि्रक सामानों के दाम घटे हैं और इसका सीधा फायदा ग्राहकों को मिल रहा है। ग्राहक अब बिना झिझक खरीदारी कर रहे हैं। रेडीमेड कपड़ों के साथ-साथ साड़ी, सलवार सूट और बच्चों की ड्रेस पर सात प्रतिशत अधिक छूट मिल रही है। इसके चलते त्योहारी सीजन में शहर के व्यापारी भी अच्छे कारोबार की उम्मीद कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को बाजार की स्थिति को लेकर दुकानदारों से बातचीत की गई तो रेडीमेड गारमेंट व्यापारी अतुल ने बताया कि कपड़े पर जीएसटी दर घटने से सबसे बड़ा लाभ आम वर्ग को हुआ है। पहले मीडियम कीमत वाले कपड़ों पर 12 प्रतिशत जीएसटी थी, लेकिन अब घटकर यह केवल पांच प्रतिशत रह गई है, जबकि महंगी कीमत वाले कपड़ों पर 12 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हो गई है। दुकानदार ने बताया कि जीएसटी दर घटने के बाद बिक्री में 20 से 25 प्रतिशत तक उछाल आया है। दुकान पर सुबह से ही कपड़े खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ लग रही है।
वहीं इलेक्टि्रक व्यापारी अंकुर ने बताया कि पहले एसी और एलईडी पर 28 प्रतिशत जीएसटी दर लगाई जाती थी, लेकिन अब जीएसटी दर घटकर केवल 18 प्रतिशत रह गई है। यह छूट एलईडी पर केवल 32 इंच से ऊपर वाली एलईडी पर ही मिलेगी। बाकी सभी सामान पर पहले से ही 18 प्रतिशत जीएसटी लगती आ रही है। उन्होंने बताया कि जीएसटी दर घटने से बाजार में खरीदारी के लिए पिछले तीन दिन से भीड़ लग रही है। बिक्री में 20 प्रतिशत उछाल आया है।