शामली। जिले में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले लोगों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शिकंजा कस रहे हैं। वर्ष 2022 और 2023 में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने जहां जिलेभर के 741 अपराधियों पर गुंडाएक्ट के तहत कार्रवाई की है। वहीं, 233 को जिला बदर किया गया है। यही नहीं, अब लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक प्रवृति के लोगों का ब्योरा तैयार कराया जा रहा है। जिन्हें चुनाव से पूर्व ही
जिला बदर किया जाएगा। साथ ही, गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन के तहत बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया हुआ है। जिसके तहत इस साल 50 से लेकर 5 हजार तक के 14 इनामियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया है। जिलें के विभिन्न स्थानों पर सार्वजनिक स्थानों पर बवाल करने, आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले जिले के 741 अपराधियों के खिलाफ डीएम ने गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की है, जिसमें वर्ष 2022 में 410 और 2023 में 331 के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई शामिल है। इसी तरह वर्ष 2022 में 183 जबकि 2023 में 50 को जिला बदर किया गया है।
एसपी अभिषेक ने बताया कि लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने को तैयारी पूरी कर ली गई है। पूर्व में लोकसभा, विस, ग्राम पंचायत चुनाव के दौरान बवाल करने वालों का ब्योरा तैयार कराया जा रहा है। ऐसे चिन्हित लोगों को जल्द ही गुंडा एक्ट और जिला बदर के तहत कार्रवाई कराई जाएगी।
सात इनामी बदमाश बने पुलिस के लिए चुनौती
जिले की यदि बात की जाए तो सात इनामी फरार चल रहे हैं। जिनमें 25 हजार का एक, पंद्रह हजार के 2, दस हजार का एक, पांच हजार के दो और 2500 रुपये के एक इनामी शामिल हैं। पुलिस इनामियों की तलाश में शामली के अलावा बागपत, हरियाणा के पानीपत, सोनीपत में दबिश दे रही है। इस साल पुलिस ने 25 से लेकर 5 हजार तक के 14 इनामी बदमाशों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
संवेदनशील, अतिसंवेदनशील बूथों का किया जा रहा ब्योरा तैयार
एसपी अभिषेक और चुनाव प्रभारी डिप्टी कलेक्टर हामिद हुसैन ने बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी गई है। चुनाव को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए संवेदनशील, अतिसंवेदनशील बूथों का चयन किया जा रहा है। इसके लिए लेखपाल, थाना प्रभारियों और अन्य का जिम्मेदारी सौंपी गई है। जल्द ही बूथों का निर्धारण कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।