कैराना (शामली)। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवती किशोर से मिलने उसके गांव पहुंच गई तथा किशोर के साथ शादी की जिद पर अड़ गई। परेशान होकर किशोर के परिजनों ने डीएम से गुहार लगाई। डीएम के निर्देश पर पुलिस ने फोन करके युवती के माता-पिता को कोतवाली बुलाया। देर शाम तक मामले का समाधान नही हो सका था।
कुछ दिन पहले मेरठ के थाना लालकुर्ती निवासी एक युवती की क्षेत्र के गांव गाजीपुर निवासी एक 16 वर्षीय किशोर से इंस्टाग्राम पर बात होने लगी थी। तीन दिन पहले युवती बिना बताए गांव टपराना पहुंच गई। मोबाइल फोन पर किशोर का फोटो दिखा कर उसका पता पूछ लिया। इसके बाद युवती किशोर के घर पहुंच गई तथा किशोर से शादी की जिद करने लगी। परिजनों द्वारा मना करने पर युवती ने हंगामा कर दिया था जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया था। कैराना पुलिस युवती को उसके घर मेरठ छोड़कर आ गई। एक दिन पहले युवती फिर से किशोर के घर आ धमकी तथा शादी की जिद पर अड़ गई। परेशान होकर मंगलवार को किशोर के परिजन शामली में डीएम से मिले तथा शिकायती पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की।
डीएम के निर्देश पर कैराना पुलिस द्वारा युवती व किशोर के परिजनों को कोतवाली बुलाया गया जहां पर महिला पुलिस द्वारा युवती को समझाया गया कि किशोर अभी नाबालिग है तथा उसकी शादी नहीं हो सकती, लेकिन युवती फिर भी शादी की जिद पर अड़ी रही। बाद में पुलिस ने मेरठ फोन करके युवती के परिजनों को कैराना कोतवाली आकर युवती को अपने साथ ले जाने को कहा। समाचार लिखे जाने तक युवती के परिजन कोतवाली नहीं पहुंचे थे। कोतवाली प्रभारी विरेन्द्र सिंह कसाना ने बताया कि युवती के परिजन रास्ते में है। अगर परिजन नही आते है तो युवती को नारी निकेतन भेजा जाएगा।