शामली। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के मद्देनजर कलक्ट्रेट सभाकक्ष में तैयारियों को लेकर बैठक हुई। जिसमें डीएम ने कहा कि 10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को एल्बैंडाजोल की टैबलेट खिलाने के लिए कार्य योजना तैयार कर लें, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ ही शिक्षा विभाग, आंगनबाड़ी और प्राइवेट स्कूल संचालकों का भी सहयोग लिया जाए।
डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि कृमि बच्चों के शरीर के महत्वपूर्ण पोषक तत्वों को खा लेते हैं, इससे खून की कमी, कुपोषण और शारीरिक विकास में रुकावट आ जाती है।
इस योजना को सफल बनाने के लिए आपसी तालमेल जरूरी है। हर विभाग इस कार्य को गंभीरता से करे। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही बरती जाती है, तो कार्रवाई होगी। सीएमओ डॉ. सफल कुमार ने कहा कि कृमि संक्रमण से बचने के लिए हमें साफ-सफाई का विशेष तौर से ध्यान रखना चाहिए। खुले में शौच नहीं करना चाहिए।
एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि कृमि संक्रमण के इलाज व कृमि नियंत्रण के लिए एल्बैंडाजॉल एक सुरक्षित दवाई है। इस दवा को शिक्षक व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से एक से 19 वर्ष के सभी बच्चों को खिलाया जाएगा। 23 जुलाई से दो अगस्त के बीच दवा और किट का वितरण कर दिया जाएगा।
दवा खिलाने से पहले यह सुनिश्चित कर ले कि बच्चा बीमार तो नहीं है। जिले में 3,71,367 बच्चों को दिवाई खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रेनू तिवारी के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी, सिल्वर बेल्स स्कूल के चेयरमैन अजय संगल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।