अप्रैल से जुलाई, खूब बजेगी शहनाई
शामली। कोरोना की तीसरी लहर का प्रभाव कम होने के साथ इस बार गर्मी के मौसम में रिकॉर्ड तोड़ शादियां होने वाली हैं। क्योंकि कोरोना की तीनों लहर के चलते शादी-विवाह की रफ्तार कम हो गई थी। अब अप्रैल से लेकर जुलाई तक जमकर शहनाई बजेगी। आगामी तीन महीने शादियों का बंपर शुभ मुहूर्त आने वाला है। हालांकि बीती सर्दियों के सीजन में भी खूब शादियां हुई थीं।
ज्योतिषाचार्य प्रभु शंकर शास्त्री का कहना है कि विवाह मुहूर्त इस बार गर्मियों में शुभ फलदायी हैं। तीन साल बाद गर्मी सीजन में ज्यादा शादियां होने वाली हैं। क्योंकि इससे पहले दो साल गर्मियों के सीजन में ही कोरोना का पीक आया था, जिससे शादियां टल गईं, लेकिन तीसरे साल कोरोना से कुछ राहत मिलती दिख रही है। इसीलिए इस बार गर्मियों में शादी के मुहूर्त दो अप्रैल से 8 जुलाई तक हैं। मई में अक्षय तृतीया का अबूझ मुहूर्त भी है।
15 अप्रैल से 8 जुलाई तक संयोग
पंडित प्रभु शंकर शास्त्री कहते हैं कि इस बार अप्रैल में सात शुभ मुहूर्त हैं। आठ जुलाई भड़ली नवमी तक विवाह होंगे। जुलाई के बाद चौमासे में विवाह थम जाएंगे। उसके बाद देव उठनी एकादशी को शादियां होंगी। फिर 26 नवंबर को गुरु-शुक्र के उदयाकाल से विवाह होंगे। अबूझ मुहूर्त में बिना संयोग के ही शादियां संपन्न होती हैं।
आगामी शुभ मुहूर्त
अप्रैल: 1, 15,19, 20, 21, 22, 23
मई: 2, 3, 4, 9, 10, 11, 12, 18, 20, 21, 24, 25, 26, 31
जून: 1, 6, 8, 11, 13, 20, 21
जुलाई: 3, 4, 8
नवंबर: 4, 26, 27, 28
दिसंबर: 2, 4, 7, 8, 9 और 14
- बैंड मास्टर शकील ने बताया कि पिछली गर्मी में कोरोना की वजह से शादियों का सीजन लगभग खाली ही निकल गया था। इस बार अप्रैल में ही कई बुकिंग आ चुकी हैं।
- बैंक्वेट हॉल संचालक अभिनव जैन ने बताया कि कोरोना महामारी ने काफी नुकसान लोगों का किया था। अब कुछ माह से कारोबार पटरी पर आया है। इस बार शादियों के लिए लोग बैंक्वेट हॉल बुक कर रहे हैं।
- हलवाई संदीप ने बताया था कि कोरोना की वजह से शादी में मेहमानों की संख्या भी काफी कम हो गई थी। अब ऐसी कोई पाबंदी नहीं रह गई है। आगामी सीजन में ठीकठाक बुकिंग है।
- प्रिटिंग प्रेस संचालक विजय गुप्ता ने बताया कि दो साल से गर्मी में कारोबार काफी ठंडा था। इस बार ऐसा नहीं है। लोग बड़ी संख्या में शादी के कार्ड छपवाने आ रहे हैं।
----
नवरात्र पर 30 से 35 करोड़ के कारोबार की उम्मीद
कोरोना काल के बाद इस बार चैत्र नवरात्र पर कारोबार अच्छा होने के आसार हैं। इसको लेकर व्यापारियों में खुशी है। इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा और सराफा कारोबार भी बढ़ेगा, जिसको लेकर व्यापारी तैयारियों में जुट गए हैं। कुल मिलाकर नवरात्र में 30 से 35 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है।
410 दुपहिया वाहन और 15 कार बुक
नवरात्र में वाहनों की बिक्री भी अच्छी होगी। ऑटो मोबाइल एजेंसी संचालक पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि जिले में नवरात्र पर खरीदने के लिए करीब 410 दुपहिया बुक कराए गए हैं। ऑटो मोबाइल एजेंसी संचालक राजीव कुमार का कहना है कि जिले में 15 कार की बुकिंग लोगों ने करा दी है।
हलवाई संदीप शर्मा।- फोटो : SHAMLI