शामली, कैराना। इस बार होली पर्व व पवित्र रमजान माह के दूसरे जुमे की नमाज एक साथ होने के कारण शांति व्यवस्था के मद्देनजर दोपहर 2 बजे के बाद जुमे की नमाज अदा करने का फैसला लिया गया। शामली की जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना शौकीन कैरानवी और कैराना की जामा मस्जिद के शाही इमाम ने सभी से प्रशासनिक गाइडलाइन का पालन कर दो बजे के बाद ही जुमे की नमाज अता करने की अपील की है। शामली की जामा मस्जिद में ढाई बजे जुमे की नमाज अता की जाएगी।
दोनों शाही इमाम ने कहा कि 14 मार्च को ही हिन्दू भाइयों का होली का पर्व मनाया जाना है। इसी दिन पवित्र रमजान के जुमे की नमाज भी अता होनी है। उन्होंने कहा कि जुमे की नमाज में बड़ी तादाद में मुस्लिम समुदाय के लोग मस्जिदों में नमाज अता करते हैं। इस दिन असामाजिक तत्वों के द्वारा माहौल खराब करने की कोशिश नाकाम हो। इसी को देखते हुए प्रशासन ने एक गाइडलाइन जारी की है।