शामली गर्मी में कपड़ा लपेटकर गुजरती युवतियां।
- फोटो : SHAMLI
शामली। मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। बृहस्पतिवार शाम को तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी के बाद शुक्रवार को मौसम साफ रहा। तीखी धूप ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान बढ़ेगा।
पिछले कुछ दिन से मौसम का मिजाज बार-बार तेजी से बदल रहा है। इसी सप्ताह सोमवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने से लोगों को मई-जून जैसी गर्मी का अहसास होने लगा था। इसके अगले दिन आसमान में हल्के बादल छाने से गर्मी से कुछ राहत मिली। बृहस्पतिवार को सुबह से ही तेज धूप ने परेशान किया था, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट ली। आसमान में बादल छा गए और तेज हवा चलने लगी। बिजली की कड़कड़ाहट के साथ बारिश शुरू हुई तो किसानों की चिंता बढ़ गई। हालांकि कुछ ही देर में बूंदाबांदी थम गई। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक यूपी शाही के मुताबिक आगामी पांच दिन तक मौसम साफ रहेगा और तापमान में वृद्घि होगी।