कैराना। 10 हजार महीना की नौकरी देने व सिक्योरिटी के नाम पर चार लाख रुपये लेकर खराब मशीन देने के मामले में एसपी के आदेश पर पुलिस ने तीन बैंक खाता धारक सहित पांच के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।
गांव कंडेला निवासी आकाश ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 फरवरी 2021 को उसके फोन पर एक अंजान नंबर से कॉल आई, जिसमें खुद को श्रम कल्याण मंत्रालय भारत सरकार की तरफ से बताते हुए कहा कि भारत सरकार ने बेरोजगारों के लिए योजना शुरू की है। दो लोग तुरंत दिल्ली आफिस में आकर मिलो। इसके बाद वे चार लोग दिल्ली आफिस गए, जहां रिचा नाम की युवती ने अपने बॉस राज सरधना से बात कराई और कहा कि हम दो लोगों को 10-10 हजार रुपये वेतन देंगे। आरोपियों ने गाड़ियों का कार्बन साफ करने की मशीन दी, जिसकी सिक्योरिटी चार लाख रुपये देने को कहा। इसके बाद 26 फरवरी से 15 मार्च के बीच तीन अलग-अलग बैंक खातों में तीन लाख 59 हजार रुपये जमा करवा कर 41 हजार रुपये नकद ले लिए। 27 मार्च को उनके पास मशीन भेजी, जो पांच दिन बाद ही खराब हो गई। इसके बाद हमने मशीन वापस भेज दी, जिसके बाद न तो वेतन के 10-10 हजार रुपये दिए गए और न ही मशीन वापस भेजी और चार लाख रुपये भी हड़प लिए। पुलिस ने मामले में रिचा, राज सरधना व तीन बैंक खाता धारकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।