कैराना। मोहल्ला आलखुर्द में शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे गली में खेल रहे बच्चों पर एक कुत्ते ने हमला कर दिया। इस हमले में चार बालक घायल हो गए।
ताहिर का 10 वर्षीय पुत्र शाद, खालिद की तीन वर्षीय पुत्री जिकरा, मेहताब का 12 वर्षीय पुत्र महराज और नईम का 6 वर्षीय पुत्र अलतमस गली में खेल रहे थे, तभी कुत्ते ने बच्चों पर बुरी तरह झपट्टा मार दिया और उन्हें काटकर घायल कर दिया।
हादसे के बाद परिजन घायलों को सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सभी को प्राथमिक उपचार दिया और एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया। वहीं चेहरे और जबड़े में गंभीर चोट होने के कारण 10 वर्षीय शाद को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग याकूब, अय्यूब, मुनीर ने ऐसे आवारा और खूंखार कुत्तों पर कार्रवाई की मांग की है। सीएमओ डॉ. कृष्णगोपाल का कहना है कि सभी अस्पतालों में एंटी रैबीज की डोज उपलब्ध है। कुत्ते के काटने के बाद लापरवाही न करें।