शामली कंडेला टपराना के गोल चक्कर पर लगाया पूर्व सांसद स्व हुकुम सिंह का बोर्ड । संवाद
शामली। कंडेला- टपराना बाईपास के कंडेला गोलचक्कर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बागपत और जिला प्रशासन की बिना अनुमति के ग्रामीणों ने कैराना के पूर्व सांसद हुकुम सिहं चौक के नाम का बोर्ड लगा दिया ।
मेरठ- करनाल और पानीपत खटीमा हाईवे को जोड़ने वाले आठ किमी लंबाई के कंडेला टपराना बाईपास पर कंडेला और टपराना में गोलचक्कर बनाया गया है। टपराना गोल चक्कर से करनाल, शामली के साईंधाम होकर सहारनपुर, शामली तहसील से मुजफ्फरनगर, हरिद्वार और बिजनौर, शामली तहसील से मेरठ, बलवा मोड से दिल्ली और कंडेला मोड से होकर पानीपत, रोहतक- जींद की ओर से वाहन गुजरते हैं।
शामली के रिंग रोड से होकर दिल्ली, पानीपत, करनाल, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार, देहरादून और मेरठ वाहन जा रहे हैं। कंडेला गांव के पास बाईपास पर गोलचक्कर बनाया गया है। गोलचक्कर पर कंडेला के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बागपत इकाई की अनुमति के बिना भाजपा के दिग्गज नेता एवं कैराना के भाजपा के पूर्व सांसद हुकुम सिंह चौक के नाम बोर्ड लगा दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बागपत इकाई की हिसार की निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर घनश्याम सिंह ने बताया कि गोलचक्कर पर पूर्व सांसद हुकुम सिंह चौक का बोर्ड बिना अनुमति के लगाया गया है। इसके लिए जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से अनुमति लेनी होगी। इसके बाद ही नियमानुसार बोर्ड लगाया जा सकता है।