भाजपा बूथ अध्यक्ष की दुकान में विस्फोट के मामले में पांच हिरासत में, इमाम फरार
चौसाना (शामली)। भाजपा बूथ अध्यक्ष की दुकान में हुए विस्फोट के मामले में बुधवार को चौसाना पुलिस ने एक हकीम और उसके दो भाइयों सहित पांच लोगों को हिरासत ले लिया है। पुलिस की पूछताछ में हकीम ने घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी। इस घटना में मुख्य आरोपी के रूप में एक मस्जिद के इमाम का नाम सामने आ रहा है। पुलिस को पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल से अहम और कई चौंकाने वाली जानकारी मिली है। आरोपियों के किसी विवादित संगठन से जुड़े होने की बात की सामने आ रही है। हालांकि अभी भी पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं। खुफिया विभाग की टीम भी मामले की जांच में जुटी है।
मंगलवार की शाम को बीजेपी के बूथ अध्यक्ष कंवरपाल उर्फ घूसू की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर थैले में रखे पैकेट में विस्फोट हो गया था, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई थी और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। चौसाना पुलिस ने बुधवार को गांव के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला तो पुलिस के रडार पर एक संदिग्ध आ गया। शुरूआती तौर पर पुलिस को एक संदिग्ध की सीसीटीवी फुटेज थैले के साथ और फिर बिना थैले के मिली। पुलिस ने एक-एक कर कड़ियों को जोड़ा तो उस दुकान का पता चला, जहां से इस धमाके की साजिश रची गई थी। पुलिस ने दुकानदार हकीम तैमूर को बुलाकर पूछताछ की, जिसके बाद पुलिस मामले के खुलासे के करीब पहुंच गई।
पुलिस ने तैमूर के दो भाइयों को भी हिरासत में ले लिया। इन सभी से सख्ती से पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस तैमूर को साथ लेकर मुख्य साजिश रचने वाले संदिग्धों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ दबिश दी। शाम को पुलिस ने दो और लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें मुनीर नाम का शख्स भी है। उसी ने भाजपा नेता की दुकान में विस्फोटक रखा था। सूत्रों के मुताबिक इस मामले में एक मस्जिद के इमाम का नाम सामने आ रहा है, जो मामले में सूत्रधार बताया जा रहा है। उसी ने मुनीर को विस्फोटक भाजपा बूथ अध्यक्ष की दुकान में रखने को दिया था। पुलिस उसे तलाश कर रही है। अभी तक पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल से भी कई अहम और चौंकाने वाली जानकारी पुलिस के हाथ लगी है। यह भी पता चला कि ये लोग विवादित संगठनों से जुड़े हैं। हालांकि पुलिस अभी पूछताछ का हवाला देकर कुछ भी बताने से बच रही है। एएसपी ओपी सिंह का कहना है कि अभी सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अभी इस मामले में कुछ नहीं कहा जा सकता। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे विस्फोट के बाद मिली सामग्री
- विस्फोट के बाद मंगलवार को फोरेंसिंक टीम भी मौके पर पहुंची थी, जिसने मौके से नमूने एकत्र किए थे। मौके से लोहे का एक डिब्बा, बारूद, कांच के टुकड़े, सुतली और रूई आदि मिला था। यह सारा सामान जांच के लिए आगरा की विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया गया है।