शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग
कांधला। कस्बे के मोहल्ला मिर्दगान में एक इलेक्ट्रानिक की दुकान में अचानक शार्ट सर्किट हो जाने से भीषण आग लग गई। जिसके बाद पुलिस व आसपास के लोगों ने आग पर पानी डालकर बमुश्किल काबू पाया। हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
कांधला कस्बे के रेलवे मार्ग मोहल्ला मिर्दगान में व्यापारी विनोद सिंह की लक्ष्मी इलेक्ट्रानिक के नाम से दुकान है। बृहस्पतिवार शाम के समय वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। रात के समय दुकान में शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। आस पड़ोस के लोगों ने पीड़ित दुकानदार सहित दर्जनों लोगों को मामले की सूचना देकर मौके पर बुला लिया। आस पड़ोस के लोगों वह व्यापारियों की मदद से पानी आग निरोधक गैस का छिड़काव कर आग पर काबू पाया गया, लेकिन हादसे में इलेक्ट्रानिक का लाखों का सामान जलकर राख हो गया। घटना के संबंध में पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल युवा इकाई के जिलाध्यक्ष सचिन गोयल सहित दर्जनों व्यापारियों ने मौके पर जाकर व्यापारी को सांत्वना देते हुए डीएम जसजीत कौर से फोन पर वार्ता की। बाद में व्यापारी कलक्ट्रेट में डीएम से मिले और व्यापारी को आर्थिक मदद दिए जाने की मांग रखी। पीड़ित इलेक्ट्रानिक व्यापारी विनोद कुमार के मुताबिक दुकान में 10 लाख की कीमत का सामान जलकर राख हो गया।