शामली क्षेत्र के गांव मादलपुर के जंगल में लगी आग बुझाते दमकलकर्मी।
- फोटो : SHAMLI
वन विभाग के जंगल में लगी आग, दमकल ने पाया काबू
शामली। गढ़ीपुख्ता थानाक्षेत्र में गांव जंधेड़ी में नहर के किनारे वन विभाग की जंगल में खड़ी झाड़ियों में अचानक आग लग गई। हवा चलने से आग तेजी से फैलने पर लोगों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। दमकल के अधिकारी दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
बुधवार दोपहर को करीब कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि गढ़ीपुख्ता क्षेत्र में नहर के किनारे गांव जंधेड़ी के निकट वन विभाग की भूमि पर झाड़ियों में आग लगी है, जो हवा के कारण आसपास के खेतों में फैल सकती है, जिससे फसलों को नुकसान होने की आशंका है। सूचना पर दमकल की दो गाड़ियों के साथ सीएफओ दीपक शर्मा, एफएसओ आलोक सिंह मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग को नियंत्रित किया गया। एफएसओ ने बताया कि वन विभाग की करीब 560 बीघा भूमि बताई गई, जिसमें अधिकतर में झाड़ियां, घासफूस ही उगी है, जिसमें आग लग गई। आग पर समय रहते काबू पाने से आसपास के खेतों में कोई नुकसान नहीं हुआ। वन विभाग के जंगल सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि आसपास किसान या अन्य व्यक्ति ने कूड़ा आदि जलाया गया होगा, जिससे आग फैली थी।
एंबुलेंस में महिला को हुआ सुरक्षित प्रसव
शामली। सरकारी एंबुलेंस पर तैनात ईएमटी रामप्रकाश ने बताया कि वह एंबुलेंस चालक पुष्पेंद्र के साथ गांव बंतीखेड़ी से गर्भवती महिला को लेकर सीएचसी शामली ले जा रहे थे। रास्ते में महिला को प्रसव पीड़ा तेज होने पर एंबुलेंस को रोका गया। ईएमटी ने बताया कि एंबुलेंस में आशा ममता की सहायता से महिला को सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला ने बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद जच्चा व बच्चा को सीएचसी में भर्ती कराया जहां पर दोनों स्वस्थ है।