Shamli News : गंदे पानी की छींटें लगने पर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों में जमकर लाठी-डंडे चले। बताया गया कि दोनों पक्षों के चार लोग घायल हुए हैं।
शामली जनपद में कांधला थाना क्षेत्र के गांव जसाला में बुधवार रात को दो पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। गांव जसाला निवासी संजीव कोरी रात में घर में होने वाले निजी कार्यक्रम के लिए गली में सफाई कार्य कर रहा था। इसी दौरान गांव जसाला का सहदेव गली से अपने घर जा रहा था। सफाई कार्य करते हुए गंदे पानी की छींटें चले जाने से दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
विज्ञापन
इसके बाद देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से भीड़ इकट्ठा हो गई और एक दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों में जमकर मारपीट हुई। वहीं, किसी ने पुलिस को घटना की सूचना देकर मौके पर बुलाया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायल लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। खूनी संघर्ष के दौरान एक पक्ष से संजीव, सुशील, निखिल व दूसरे पक्ष से सहदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कारवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा।